कलरव
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए ने उत्तर कुंजी को चुनौती देने की अपनी व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सफाई दी है। एजेंसी का कहना है कि उत्तर कुंजी चुनौती की पूरी प्रक्रिया सभी अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है और प्रति प्रश्न 200 रुपये का शुल्क छात्रों से मुनाफा कमाने के लिए नहीं लिया जाता। एनटीए के मुताबिक इस शुल्क का उद्देश्य बिना ठोस आधार के बड़ी संख्या में आपत्तियां दाखिल करने से रोकना और केवल गंभीर तथा तथ्य आधारित चुनौतियों को विशेषज्ञों तक पहुंचाना है। हालिया बयान में एजेंसी ने यह भी कहा कि यदि किसी एक अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है, तो उसका लाभ केवल उस छात्र को नहीं बल्कि उस प्रश्न का उत्तर देने वाले सभी अभ्यर्थियों को मिलता है।
उत्तर कुंजी चुनौती व्यवस्था को समझना इसलिए जरूरी है क्योंकि देश में लाखों विद्यार्थी हर साल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा मुख्य राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा और ऐसी ही कई परीक्षाओं का आयोजन एनटीए करता है। परीक्षा समाप्त होने के बाद एजेंसी सबसे पहले अस्थायी उत्तर कुंजी जारी करती है। इसके साथ अभ्यर्थियों को अपने दर्ज किए गए उत्तरों को देखने और यह जांचने का अवसर मिलता है कि किसी प्रश्न के उत्तर में गलती तो नहीं है। यदि किसी छात्र को लगता है कि उत्तर कुंजी में दिया गया उत्तर गलत है, तो वह निर्धारित अवधि के भीतर उस प्रश्न को चुनौती दे सकता है।
मौजूदा व्यवस्था में प्रति प्रश्न 200 रुपये का शुल्क लिया जाता है। हाल में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा की उत्तर कुंजी को चुनौती देने के लिए भी प्रति प्रश्न 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया था। अगस्त 2026 में जारी जानकारी के मुताबिक इस परीक्षा की उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करने की अवधि 16 से 18 अगस्त तक थी और विशेषज्ञों द्वारा चुनौती स्वीकार किए जाने पर शुल्क वापस करने की व्यवस्था बताई गई थी।
एनटीए का तर्क है कि यदि उत्तर कुंजी को चुनौती देने की प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त कर दी जाए, तो बड़ी संख्या में ऐसे छात्र भी आपत्तियां दर्ज कर सकते है जिन्हें अपने दावे पर पर्याप्त भरोसा या प्रमाण नहीं है। इससे विशेषज्ञों के सामने अनावश्यक आपत्तियों का बोझ बढ़ सकता है और सही आपत्तियों की जांच में भी समय लग सकता है। एजेंसी के अनुसार 200 रुपये का शुल्क एक तरह की गंभीरता सुनिश्चित करने का माध्यम है। इसका उद्देश्य छात्रों को सही आपत्ति उठाने से रोकना नहीं, बल्कि बिना आधार के आपत्तियों की संख्या को सीमित करना है।
एनटीए ने अपने पक्ष में सबसे महत्वपूर्ण तर्क यह दिया है कि उत्तर कुंजी चुनौती का लाभ व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक होता है। मान लीजिए किसी परीक्षा में एक प्रश्न का सही उत्तर विकल्प श्वीश् है, लेकिन अस्थायी उत्तर कुंजी में विकल्प सी को सही बताया गया है। किसी एक अभ्यर्थी को यह गलती दिखाई देती है और वह प्रमाण के साथ एनटीए के सामने आपत्ति दर्ज करता है। यदि विषय विशेषज्ञ उसकी आपत्ति को सही मानते हैं तो केवल उस अभ्यर्थी का परिणाम नहीं बदलेगा। अंतिम उत्तर कुंजी में सुधार किया जाएगा और उसका असर उस प्रश्न का उत्तर देने वाले सभी अभ्यर्थियों के परिणाम पर पड़ेगा। एनटीए का कहना है कि इस तरह एक छात्र द्वारा की गई सही चुनौती लाखों विद्यार्थियों के परिणाम को प्रभावित कर सकती है।
यही व्यवस्था उत्तर कुंजी चुनौती को परीक्षा प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण सुधारात्मक तंत्र बनाती है। परीक्षा के दौरान हजारों प्रश्न पूछे जाते हैं और प्रश्न तैयार करने तथा उत्तर निर्धारित करने में विशेषज्ञों की भूमिका होती है। इसके बावजूद किसी प्रश्न में तथ्यात्मक गलती, अस्पष्टता, एक से अधिक सही विकल्प या गलत उत्तर की संभावना पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकती। इसलिए अस्थायी उत्तर कुंजी के बाद अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज करने का अवसर देना परीक्षा प्रक्रिया में एक तरह का दूसरा सत्यापन चरण है।
एनटीए की आधिकारिक सूचनाओं में भी यह व्यवस्था स्पष्ट की गई है कि यदि किसी चुनौती को विषय विशेषज्ञ सही मानते है तो उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन किया जाता है और अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर परिणाम तैयार किया जाता है। कुछ आधिकारिक अधिसूचनाओं में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि एक से अधिक विकल्प सही पाए जाते है तो संबंधित सही विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों को अंक दिए जा सकते हैं। यदि किसी प्रश्न के सभी विकल्प सही हों तो उस प्रश्न का उत्तर देने वाले सभी अभ्यर्थियों को अंक दिए जा सकते हैं। वहीं यदि प्रश्न ही गलत पाया जाता है या उसका कोई सही विकल्प नहीं होता, तो परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों को पूरे अंक दिए जाने का प्रावधान भी कुछ परीक्षाओं की मूल्यांकन व्यवस्था में मौजूद है।
हालांकि, यहीं से छात्रों की चिंता भी शुरू होती है। प्रतियोगी परीक्षाओं में एक-एक अंक का महत्व बहुत ज्यादा होता है।
विशेषकर उन परीक्षाओं में जहां लाखों विद्यार्थी सीमित सीटों के लिए मुकाबला करते हैं, एक अंक भी रैंक में बड़ा अंतर पैदा कर सकता है। ऐसे में किसी छात्र को यदि वास्तव में लगता है कि उत्तर कुंजी गलत है. तो उसे आपत्ति दर्ज करने के लिए पहले 200 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। यदि छात्र को कई प्रश्नों में गलती दिखाई देती है, तो कुल राशि बढ़ती चली जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए यह राशि छोटी नहीं हो सकती।
यही वजह है कि उत्तर कुंजी चुनौती शुल्क को लेकर समय-समय पर बहस होती रही है। दूसरी तरफ एनटीए का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए भी आपत्तियों की संख्या को नियंत्रित करना जरूरी है। यदि प्रत्येक अभ्यर्थी बिना किसी आर्थिक या अन्य जिम्मेदारी के हर प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करने लगे, तो विशेषज्ञों के लिए सभी आपत्तियों की जांच करना मुश्किल हो सकता है। इसके कारण अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम जारी करने में देरी की संभावना भी बढ़ सकती है। हालिया रिपोटों में एनटीए ने इसी तर्क के आधार पर शुल्क को उचित बताया है।
शुल्क वापसी को लेकर एक महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी परीक्षाओं में नियम बिल्कुल एक जैसे नहीं रहे हैं। एनटीए की अलग-अलग परीक्षाओं की अधिसूचनाओं में शुल्क को गैर-वापसी योग्य प्रसंस्करण शुल्क बताया गया है। उदाहरण के लिए कुछ आधिकारिक सूचनाओं में 200 रुपये प्रति प्रश्न को गैर-वापसी योग्य शुल्क बताया गया है। वहीं 2026 की कुछ हालिया परीक्षाओं में सही पाई गई चुनौती पर शुल्क वापस किए जाने की व्यवस्था भी सामने आई है। इसलिए किसी अभ्यर्थी को अपनी परीक्षा की संबंधित आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए नियमों को ही अंतिम मानना चाहिए।
दरअसल, इस व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि अंतिम फैसला अभ्यर्थी नहीं बल्कि विषय विशेषज्ञ करते है। छात्र केवल अपना दावा और उसके समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करता है। इसके बाद विशेषज्ञ यह तय करते हैं कि आपत्ति तथ्यात्मक रूप से सही है या नहीं। यदि चुनौती स्वीकार की जाती है तो अंतिम उत्तर कुंजी में बदलाव होता है। इसके बाद परिणाम उसी संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार किया जाता है। इस प्रकार इस व्यवस्था में पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।
