(असरदार सरदार की जन्म जयंती पर विशेष)
गौरी तिवारी
आजादी की लड़ाई के शूरवीरों में अग्रणी, आधुनिक भारत के निर्माताओं की अगली कतार में शुमार सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता के बेजोड़ वास्तुकार थे। भारत उनके भीतर बसता था। वह भारतीय किसान की आत्मा थे। उनका स्वभाव ऊपर से नरम किंतु भीतर से गरम था। उनकी अद्वितीय सूझबूझ, दृढ़ता, कार्य कुशलता तथा सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता के कारण ही उन्हें भारत का लौह पुरुष कहा जाता है।
सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को उनके ननिहाल नाडियाड़ में हुआ था। उनके पिता जेवर भाई स्वामीनारायण संप्रदाय की अनुयायी थे जबकि माता लाड़बाई कुशल गृहिणी थी। 18 साल की उम्र में झाबेर बा के साथ उनकी शादी हुई जिससे कन्या मणि बेन और पुत्र दाहिया भाई का जन्म हुआ। वे अपनी माता-पिता के चौथी संतान थे।
आज की तारीख में जो भारत हमारे सामने है यह बंटा हुआ भारत है जिसका एक टुकड़ा पाकिस्तान है तो दूसरा टुकड़ा बांग्लादेश है। अंग्रेजों के आने के पहले भारत की सीमा बहुत लंबी हुआ करती थी, लेकिन अंग्रेजों ने षडयंत्र कर इसे टुकड़ों में बांट दिया और जाते-जाते ऐसे हालात पैदा कर गए कि देश के 500 टुकड़े हो सकते थे, किंतु सरदार साहब ने ऐसा नहीं होने दिया। अपनी मेधा और मेहनत के जरिए नामुमकिन को मुमकिन बना दिया।
घटनाएं कुछ इस तरह हुई, 15 अगस्त 1947 को बृहद भारत देश ब्रिटिश राष्ट्रमंडल के भारत तथा पाकिस्तान नाम के दो देशों में विभाजित हो गया। जवाहरलाल नेहरू सरकार के प्रमुख बने जबकि सरदार पटेल ने उप प्रधानमंत्री के रूप में शासन की बागडोर संभाली। आजाद भारत की परराष्ट्र नीति पर नेहरू जी का एकाधिकार रहा तो स्वराष्ट्र मंत्री होने के नाते राष्ट्रीय समस्याओं की सारी जिम्मेवारी सरदार के सिर पर रही। सरदार पटेल ने आगे बढ़कर चुनौतियों को स्वीकारा तथा एक-एक कर सब पर विजय प्राप्त की।
आजादी के आंदोलन में पटेल जी का राष्ट्रीय क्षितिज पर उदय खेड़ा संघर्ष से हुआ था। गुजरात का खेड़ा उन दिनों सुखे की चपेट में था। अंग्रेजी सरकार कर में कोई छूट देने को तैयार नहीं थी। पटेल ने किसानों का नेतृत्व किया और सरकार को झुकना पड़ा। इसके बाद बारडोली सत्याग्रह आंदोलन का भार उन्हें दिया गया जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। इस आंदोलन की सफलता पर आयोजित विशाल जनसभा में महात्मा गांधी ने वल्लभ भाई को सरदार की पदवी से सम्मानित किया जिसके बाद वे सरदार पटेल के नाम से प्रसिद्ध हुए।
सिर मुड़ाते ही ओले पड़े, आजादी तो आई पर चार प्रमुख समस्याएं भी अपने साथ लाई। पहला, विभाजन जन्य दंगों का सामना और विस्थापितों का पुनर्वास। दूसरा, रियासतों का एकीकरण। तीसरा, विभाजन से छिन्न-भिन्न हुए प्रशासन को व्यवस्थित करना तथा चौथा, देश में एकता की भावना को बद्धमूल करना। सरदार पटेल ने इन सबका संयम और दृढ़ता के साथ सामना किया जिसके कारण ही राष्ट्र उन्हें आज भी कुशल प्रशासक के रूप में याद करता है।
विभाजन को स्वीकारते समय देश के कर्णधारों को आशा थी कि अब सांप्रदायिक भावनाएं ठंडी पड़ जाएगी। नए उपनिवेशों में अल्पसंख्यकों के साथ अच्छा व्यवहार होगा। इसीलिए भारत ने खुद को पंथनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित किया, पर पाकिस्तान ने अलग रूख अपनाया। वहां सांप्रदायिक और सामूहिक हिंसा को प्रोत्साहित किया गया। परिणाम सामने था कि पंजाब प्रांत के हिंदू और सिख लूटते- पीटते, मरते-कटते भारत की ओर भागे। शरणार्थियों के काफिले लंबे होते गए। हर क्रिया की प्रतिक्रिया होती है। पूर्वी पंजाब में अल्पसंख्यकों के साथ भी वही किया जाने लगा। दिल्ली से मुसलमान भी भागने लगे। एक अनुमान के मुताबिक दो करोड़ आबादी की अदला बदली हुई और पांच लाख से अधिक लोग मारे गए।
सरदार पटेल ने दृढ़ता से इस स्थिति का मुकाबला किया तथा खुद पटियाला जाकर लोगों को धैर्य से काम लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा बदला लेने से नुकसान की भरपाई नहीं होगी। बेकसूर शरणार्थियों से लड़ना कोई बहादुरी का काम नहीं है। उनकी बातों का असर हुआ कि सांप्रदायिक आग पर काबू पा लिया गया और शरणार्थियों को बसाने की व्यवस्था हुई।
रियासतों का एकीकरण तो एक चमत्कार ही था। स्वतंत्रता के समय भारत में 9 प्रांतों के अतिरिक्त 548 रियासतें थी। इनमें हैदराबाद, मैसूर, जम्मू कश्मीर, जूनागढ़ की रियासतें ऐसी थी जो आकार और आबादी के लिहाज से पृथक राज्यों का रूप ले सकती थी।
3 जून 1947 को वायसराय की घोषणा ने नवोदय स्वतंत्र भारत के लिए समस्या उत्पन्न कर दी कि 15 अगस्त को भारत के स्वतंत्र होने पर यह रियासतें भी अंग्रेजी परतंत्रता से मुक्त हो जाएगी और अपने भविष्य का निर्णय करने के लिए स्वतंत्र होगी। इससे भारत के टुकड़े-टुकड़े होने का डर पैदा हो गया।
संयुक्त भारत के हिमायती सरदार पटेल ने विषय की गंभीरता को पहचाना तथा वायसराय की उपस्थिति में नेताओं की बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में जिन्ना भी शामिल हुए थे। विचार-विमर्श के बाद रियासतों से संपर्क के लिए एक विभाग बनाने का निश्चय हुआ। इस विभाग के प्रमुख सरदार पटेल खुद बने जबकि बीपी मेनन को इसका सचिव बनाया गया। सरदार पटेल ने रियासत के राजाओं से रक्षा, परराष्ट्र तथा संचार के विषय केंद्रीय सरकार को सौंपने के लिए समझौते करने की अपील की। मोहम्मद अली जिन्ना ने इस योजना का विरोध किया पर सरदार पटेल और मेनन की कार्य कुशलता का परिणाम था कि सत्ता परिवर्तन तक हैदराबाद, कश्मीर और जूनागढ़ को छोड़ सभी रियासतों ने समझौता स्वीकार कर लिया।
जूनागढ़ का नवाब जूनागढ़ का विलय पाकिस्तान में चाहता था पर नवाब के निर्णय के खिलाफ वहां जन विद्रोह हो गया। नवाब को पाकिस्तान भागना पड़ा और जूनागढ़ पर भारत का अधिकार हो गया।
हैदराबाद का निजाम हैदराबाद स्टेट को स्वतंत्र देश का स्वरूप देना चाहता था, इसलिए उसने विलय की स्वीकृति नहीं दी। भारत 15 अगस्त 1947 को आजाद हो गया था किंतु 18 सितंबर 1948 तक हैदराबाद भारत से अलग ही रहा। इस पर तत्कालीन गृह मंत्री के तौर पर सरदार पटेल ने नवाब की हेकड़ी दूर करने के लिए 13 सितंबर 1948 को सैन्य कार्रवाई आरंभ किया जिसका नाम ऑपरेशन पोलो रखा गया था। भारत की सेना के सामने निजाम की फौज टिक नहीं सकी। 18 सितंबर को उसकी फौज ने समर्पण कर दिया और विवस होकर निजाम को भारतीय संघ में शामिल होना पड़ा।
इसमें कोई दो राय नहीं की पटेल द्वारा रियासतों का एकीकरण विश्व इतिहास का एक आश्चर्य था क्योंकि यह सब बिना रक्तपात के शांतिपूर्वक हुआ था। गांधी जी ने लिखा था की रियासतों की समस्या इतनी जटिल थी जिसे केवल पटेल ही सुलझा सकते थे। कई एक लोगों का मानना है कि कश्मीर का निर्णय नेहरू की जगह पटेल के हाथ में होता तो आज भारत में कश्मीर की समस्या न होती।
इसी तरह सरदार पटेल ने विभाजन से छिन्न-भिन्न हुए प्रशासन को व्यवस्थित कर नई गति दी। भारतीय प्रशासनिक व अन्य सेवाओं का गठन किया। उन्होंने लोक सेवा आयोग की स्थापना की। शासन पर कड़ी निगाह रखी। किफायत के लिए अपील कर सरकारी व्यय में सैकड़ो करोड रुपए की बचत कराई। मजदूर और मालिक के बीच संघर्ष की जगह सद्भाव और पंच फैसले का प्रतिपादन किया।
देश की एकता और स्वतंत्रता की सुरक्षा पटेल के जीवन के लक्ष्य थे। तोड़फोड़ की प्रवृत्तियों पर अंकुश रखा। विद्रोह को चेतावनी से शांत कराया। संविधान सभा में भी देश की एकता के लिए वह डटे रहे। संघीय होते हुए भी विधान में ऐसे अंकुश रखवाए जिससे किसी राज्य का पृथक होना संभव न रहे। देश की एकता के लिए हिंदी को राजभाषा बनवाया। सोमनाथ मंदिर के जीणोंधार जैसे कार्यों से खोए हुए गौरव का पुनर्संचार किया। उनका संदेश उत्पादन बढ़ाओ, खर्च घटाओ, अपव्यय बिल्कुल मत करो, किसी भी राष्ट्र के लिए अमृत मंत्र से कम नहीं है।
हालांकि इतिहास ने उनके हिस्से में कुछ विवाद भी जोड़ रखा है। कुछ लोग उन्हें असमझौता वादी, पूंजी समर्थक, मुस्लिम विरोधी, व बाम पंथ के घोर विरोधी के रूप में चिह्नित करते हैं तो कुछ अन्य लोगों का मानना है कि वह कट्टर हिंदूवादी थे। कुछ लोग उनकी गणना आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने वाले नेता के रूप में भी करते हैं। बताते हैं कि 1929 में पटेल जी कांग्रेस अध्यक्ष के प्रबल दावेदार थे किंतु उनके मुस्लिम विरोधी होने के कारण गांधी जी ने उनका नाम वापस करा दिया था। उस समय मौलाना आजाद ने खुले तौर पर पटेल के नाम का विरोध किया था। समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण और अशोक मेहता ने सरदार पटेल को बिड़ला और साराभाई परिवार का समर्थक कह कर आलोचना की थी। यह भी कहा जाता है कि पंडित नेहरू चक्रवर्ती राजगोपालाचारी को देश का राष्ट्रपति बनाना चाहते थे किंतु सरदार पटेल ने इस मामले में दखल देकर डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद को पद धारण करने के लिए तैयार कराया। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि अगर नेहरू की जगह पटेल जी प्रधानमंत्री होते तो चीन और पाकिस्तान युद्ध में हमें विजय मिली होती। जितने मुंह उतनी बातें।
किंतु यह सर्वविदित है कि सरदार पटेल मन, वचन तथा कर्म से एक सच्चे देशभक्त थे। वह अंत:करण से निर्भीक थे। देश की एकता, अखंडता के लिए किसी भी सीमा तक जाने को तत्पर वह एक शक्ति स्तंभ थे।
मित्तवादी और अनुशासन प्रिय सरदार के बारे में कहा जाता है कि उनके व्यक्तित्व में बिस्मार्क जैसी संगठन कुशलता, कौटिल्य जैसी राजनीतिक चतुरता और राष्ट्रीय एकता के प्रति अब्राहम लिंकन जैसी अटूट निष्ठा थी।
एक साधारण किसान परिवार में पैदा हुए सरदार पटेल ने जीवन के उतार-चढ़ाव को करीब से देखा था। धर्मपत्नी के जल्दी स्वर्गवासी हो जाने से उनमें त्याग और वैराग्य के भाव भी भरे थे। वे अनासक्त भाव से कर्तव्य पालन में लगे रहे। 15 दिसंबर 1950 को उनका शरीरांत हो गया। जवाहरलाल नेहरू ने शोक प्रकट करते हुए लिखा, “पटेल की जिंदगी एक कहानी भर रह गई जिसे इतिहास के सुनहरे पन्नों पर लिखा जाएगा, जिसमें उन्हें नवीन भारत का निर्माता कहा जाएगा। वह मेरे एक ऐसे मित्र थे जिन पर केवल भरोसा ही किया जा सकता था। उन्होंने हमेशा मुझे और भारत को शक्ति दी है’।
सरदार पटेल को सरकार ने भारत रत्न से सम्मानित किया। वर्तमान प्रधानमंत्री की अगुवाई में सरदार सरोवर के सामने नर्मदा नदी के मध्य देवड़िया में चट्टानी द्वीप पर लौह पुरुष के सम्मान में दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति ‘स्टैचू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई है।
सरदार पटेल को नमन करते हुए प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन ने लिखा था,
हर एक पक्ष को पटेल तोलता हर एक भेद को पटेल खोलता कठोर और नग्न सत्य बोलता पटेल हिंद की निडर जबान है पटेल पर स्वदेश को गुमान है।
आजादी की लड़ाई के अप्रतिम योद्धा, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जन्म जयंती पर शत-शत नमन।
Leave a comment