Wednesday , 11 November 2026
Home विचार स्वयं की शुद्धि से ही मिलेगी सिद्धि 
विचार

स्वयं की शुद्धि से ही मिलेगी सिद्धि 

अनिल तिवारी

 

स्वभाव और संस्कार से ही धर्मप्राण भारत की उत्सवधर्मिता इन दिनों धर्मसंकट में है। पारंपरिक को तज नवीन को गहने की एक अंधी दौड़ चल रही है। जैसे-जैसे आर्थिक विकास का अंतर और बाजार के तुरत-फुरत उतार चढ़ाव का द्वंद बढ़ा है वैसे-वैसे भारतीय लोगों में धर्म के प्रति एक बिल्कुल नया रुझान आया है। मनुष्य जितना भौतिकवादी उपभोगवादी हुआ है उतना ही धर्मवादी भी होने की चेष्टा में लगा हैं। इस क्रम में वह धर्म-व्यवहार को भी उपभोग की तरह लेने लगा, जिसके चलते व्यक्ति की धार्मिक ईमानदारी कही गायब होती जा रही है।

धर्म एक नितान्त व्यक्तिक विषय है। हर आदमी का धर्म अलग-अलग भी हो सकता है। धर्म शाश्वत हैं जो हमें जोड़ने का काम करता हैं। आस्था से उपजे धर्म के भाव और भाषा में अद्भुत तालमेल होता है। इसके केन्द्र अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन आत्मा एक होती है। अब धर्म यदि शाश्वत सत्य है तो वह कभी किसी गवाह का मोहताज नहीं होता। उसे कठघरे में खड़ा नहीं किया जा सकता।

धार्मिक उत्सव भी हमारे जीवन से ही निकले हुए हैं। आनन्द इन उत्सवों का एकमात्र स्वभाव है। मगर एक सच यह भी है कि इनमें अब विकृति भी देखी जा रही है। दरअसल हमने आर्थिक तरक्की को ही विकास का पैमाना मान लिया है। व्यापर आज प्रमुख हो गया है और व्यवहार (धर्म) हाशिए पर चला गया है। अपने प्रति इमानदारी का व्यवहार, प्रकृति के प्रति इमानदार बर्ताव, जीव-जन्तु से लाड़-प्यार इस तरह गायब है, जैसे चील के घोंसले से मांस।

अधिक उपभोग और ठाट-बाट की जिन्दगी के मोह ने मूल्यों को किनारे कर दिया है। संतोष को परम धन कहने वालों की संख्या अब उंगली पर गिनी जा सकती हैं। इस देश में कितनी अरुणा राय है जो 22 साल की उम्र में आई.ए.एस. की ग्लैमरस नौकरी छोड़ आवश्यक सुविधाओं से वंचित दूर देहात के गांव में रहने का संतोष वरण करती है। कितने संदीप पांडे हैं जो करोड़ों-अरबों की जीवन शैली त्याग कर वंचितों की तरक्की के लिए खुद को खपा रहे हों।

देश की आजादी के लिए कांग्रेस में शामिल लोगों ने अंग्रेजी हुकूमत का जुल्म सहते हुए अपना बहुत कुछ गवांया, लेकिन धर्म और ईमान के साथ कभी समझौता नहीं किया। पिछले 100 सालों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर व्यक्ति निर्माण की परम निष्ठा के साथ अनेक विभूतियों ने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।

लेकिन अब बाजार व्यवहार ने सब कुछ बदल दिया। कोई जमाना था जब सच्चे किस्म के लोग भक्त और सन्यासी होते थे। भक्ति के नाना उपाय और मार्ग बताते थे। वे जैसा कहते थे ठीक वैसा ही जीकर दिखाने में विश्वास रखते थे। पूरा किलोभर रबड़ी ठूंसने के बाद जनता को ‘जगत मिथ्या का नारा नहीं देते थे। वे संतोष करते थे। प्रकृति के करीब रहकर प्रकृति के साथ ही जीवन चलाते थे। उन लोगों ने मार्ग बताया, दर्शन दिया। कोई राम भक्त हुआ कोई कृष्णा भक्त। कोई शैव हुआ तो कोई शाक्त।

भारतीय इतिहास के मध्यकाल से ही चिंतकों ने हमारे धर्म के विचलनों को देखा हैं। तुलसी ने कई बार बताया कि धर्म की हानि हो रही है। संत की जगह असंतों ने ले ली है। कबीर ने कहा कि जिन्हें भगवान कहकर पूजा जाता है वे तक माया मोह में लिप्त हैं। पुराणों की कथाओं में भक्त प्रहलाद को बहुत यातनाएं झेलनी पड़ी थी। रावण को भी शिव को प्रसन्न करने के लिए अपने सिर काट-काट कर चढ़ाने पड़े थे। यह सब जाहिर करता है कि अच्छी कृपा और सच्चा धर्म सेंत-मेंत में नहीं मिलता। इसके लिए संतोष और सच्ची साधना आवश्यक है।

पर जबसे हमने बाजार को अपने घर में आने की इजाजत दी भक्ति और धर्म भी आसान हो गया। नवधा भक्ति अब नौ सौ प्रकार की हो चली है। इससे धर्म का जो नया संस्करण आया उसने मान्यताओं को गडमगड कर दिया और यही हमें विकृति के आस-पास पहुंचा दिया। चूंकि हमने इजाजत दी इसलिए धर्म अब धंधा हो गया है। मंदिरों के टैक्स फ्री चढ़ावे काले को सफेद करने लगे हैं। और इसे पापुलर बनाने का नतीजा है कि धर्म में भौतिकता की माया और राजनीति का प्रवेश भी हो गया।

यह सच्चे धर्मभाव का माया मोह में आनंद भाव से डूबना हैं। सांस्कृतिक राजनीति उपभोग है, यह ग्लोबल है। बाबा लोग धर्म के नाम अकूत डालर कमा रहे हैं। अब वे जन मन को कंट्रोल करने का दावा करते हैं। यह धर्म के मायामय हो जाने का दौर है..। जिसमें धर्म की पहली सीढ़ी ‘संतोष दूर-दूर तक कहीं नहीं दिखाई देती। मेरा मानना है कि हम कल धर्म का कोई और नया संस्करण खोज लेंगे। धार्मिक अभिव्यक्ति के नये संस्कार ओढ़ लेंगे। लेकिन स्वयं की शुद्धि के वगैर सिद्धि के मुकाम हरगिज हासिल नहीं कर सकेंगे। महात्मा बुद्ध ने भी यही संदेश दिया था कि “अप्प दीपो भव”। स्वयं दीपक बनो।

अंत में-दीपावली प्रकाश का पर्व है। अंधकार से उजास की यात्रा का प्रस्थान बिंदु है। आपस में भाईचारा कायम करने, ज्योति से ज्योति जलाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा का संदेश भी यही है की रात चाहे जितनी काली हो, सूर्योदय जरूर होगा, अंधेरा छंटेगा। सभी के जीवन में खुशियों का उजाला दमकेगा।

कलरव कुटुंब की ओर से आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

विचार

बाज़ारवाद की आंधी में खोता दीपावली का मूल मर्म

भारतीय संस्कृति ने जीवन को जिन उदात्त मूल्यों और दृष्टियों से आलोकित...

विचार

रैली के मायने सिर्फ राजनीतिक रार ही नहीं…

गौरी तिवारी   आजाद भारत में धरना, प्रदर्शन, रैली आदि का आयोजन...

विचार

युद्ध और मानवता का प्रश्न

गौरी तिवारी   युद्ध, यह छोटा-सा शब्द बहुत विशाल और भयावह अर्थ...

विचार

राम राज्य की असली कसौटी

अनिल तिवारी   मैं पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन के बगल में...