Wednesday , 11 November 2026
Home विचार राम राज्य की असली कसौटी
विचार

राम राज्य की असली कसौटी

अनिल तिवारी

 

मैं पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन के बगल में रहता हूं। यहां हर साल दशहरा का मेला बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। आयोजक खूब खर्च करते हैं। मेरा मन था कि गौरी (छोटी बिटिया) को मेला दिखा लाऊं, तभी गौरी ने बताया कि वहां देश के प्रधानमंत्री रावण दहन करने के लिए आए हुए हैं। जहाँ रावण जलाया जाएगा वहां तीन लेयर की सुरक्षा की गई है। ढाई हज़ार सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। प्रवेश भी सिर्फ पास के जरिए हुए।
रावण दहन, जो इस देश में सदियों से खुले मैदान का उत्सव रहा है, जहाँ कोई भी आकर खड़ा हो सकता था, आज वहां प्रवेश निमंत्रण-पत्र से हुआ। जनता की जगह चिन्हित और चयनित “आमंत्रित जन” थे।
इसमें कोई दोष नहीं है। आजकल सुरक्षा का सवाल भी बड़ा सवाल बन चुका है। संभव है सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसा करना सुनिश्चित किया हो। लेकिन इस प्रतीक पर आप भी ग़ौर कीजिए। बुराई पर अच्छाई की विजय देखने के लिए अब पास चाहिए।
बहरहाल रावण दहन स्थल तक जाने का कार्यक्रम स्थगित कर हम लोग प्रधानमंत्री जी को मीडिया प्लेटफॉर्म पर ही सुनने लगे। प्रधानमंत्री ने रावण दहन किया और कहा, “रामराज्य में भेदभाव नहीं होता, बल्कि सभी को न्याय और समान अवसर प्राप्त होते हैं। सत्ता का उद्देश्य शासन करना नहीं अपितु जनकल्याण सुनिश्चित करना है।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता को जनार्दन मानते हुए नागरिक देवों भव के मंत्र पर देश को आगे बढ़ाना है। बात को आगे बढ़ते हुए उन्होंने यह भी कहा कि देश के शत्रुओं को पहचानना होगा, वे कितने भी बड़े हों, जीत सत्य की होगी।

इसमें कोई दो मत नहीं कि प्रधानमंत्री द्वारा कह गए दोनों वाक्य सोलह आने सही हैं। इसीलिए इन्हें अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए, क्योंकि रामराज्य कोई नारा नहीं है, वह एक कसौटी है। और कसौटी हमेशा खरे की मांग करती है।
अब थोड़ा ठहर कर उस कसौटी के बारे में विचार करें तो सहज ही यह कहा जा सकता है राम राज्य की कसौटी का सबसे कठिन प्रसंग वह नहीं है जहाँ राम रावण को मारते हैं। लंका पर विजय प्राप्त करते हैं। विजय के बाद सोने की लंका को रावण के ही भाई विभीषण को सहर्ष सौंप देते हैं बल्कि असली कसौटी वह है जहाँ अयोध्या का एक धोबी, राजा की आलोचना करता है। और राजा राम अयोध्या के नागरिक धोबी की आलोचना पर सम्यक गौर फरमाते हैं।

याद कीजिए। लंका जीतकर राम लौट आए हैं, धूमधाम से उनका राज्याभिषेक हो चुका है, प्रजा में प्रसन्नता की लहर है। तभी एक साधारण धोबी अपनी पत्नी से कहता है कि ‘मैं राम नहीं हूँ जो दूसरे के घर रही स्त्री को स्वीकार कर लूँ’। यह बात राजा राम तक पहुँचती है। उस धोबी का क्या हुआ? न उसे पुलिस द्वारा उठाया गया, न उससे अदालत में बंधपत्र भरवाया गया, न उसके मुहल्ले में अपराधिक धाराएं लगी। राम ने उस एक आदमी की बात पर अपना सबसे प्रिय (पत्नी सीता) त्याग दिया।
हम आज तक उस फ़ैसले पर बहस करते हैं, और करना भी चाहिए। पर एक बात पर बहस नहीं है की राम राज्य की परिभाषा किससे तय होगी? दरअसल सच्चे अर्थों में रामराज्य की परिभाषा उस धोबी ने तय की थी, राजा ने नहीं। रामराज्य यानी वह राज्य जहाँ सबसे निचले पायदान का आदमी राजा से सवाल पूछ सके,राजा के विरुद्ध बोल सके, और राजा गंभीरता से सुने और माकूल उत्तर देने का प्रयत्न करें।

गौरतलब है किआज शाम को दिल्ली के पूर्वी छोर पर जब प्रधानमंत्री धनुष तानकर रावण-दहन के बाद राम राज्य के आदर्श पर उपदेश दे रहे थे, उसी दिल्ली के पश्चिमी छोर पर स्थित तिहाड़ के बाहर दो वकील दोपहर से खड़े थे। सुनवाई का समय बार-बार आगे खिसकता रहा। किसी को कोई वेबाक जानकारी नहीं दी जा रही थी। समय बीतता रहा। सुबह से दोपहर हुई, दोपहर से शाम हो गई। सौरव और आशुतोष को विजयादशमी की रात भी जेल में काटनी पड़ी। तिहाड़ में कैद किए गए दोनों लड़कों का अपराध बस इतना है कि उन्होंने अपने राजा से एक सवाल पूछा था, कि मतदाता सूची से तेरह करोड़ नाम कहाँ गए। अयोध्या के धोबी ने तो अपने राजा से इससे कहीं कड़वी बात कही थी।

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि शत्रु कितना भी बड़ा हो, पहचानना होगा। यह सच है। राज्य को हक है कि वह शत्रु की पहचान रखे। शत्रु ताकतों पर राज्य का अंकुश होना ही चाहिए। लेकिन हमें यह भी याद रखना चाहिए की रामायण में शत्रु की पहचान का तरीक़ा भी बताया गया है। राम ने विभीषण की बात सुनी, जो शत्रु के घर से आया था। उन्होंने सुग्रीव को मित्र बनाया, जो भगोड़ा था। उन्होंने शबरी के झूठे बेर खाए, जो समाज के सबसे किनारे पर थी। रामराज्य में शत्रु वह नहीं था जो असहमत था। शत्रु वह था जो अहंकार में सुनना बंद कर दिया था। रावण का दोष दस सिर नहीं थे, दोष यह था कि दसों सिर एक ही दिशा में देखते थे और कोई कान खुला नहीं था।

आज के मैदान में रावण के साथ एक और पुतला जला, नक़ली दवाओं के कालाबाज़ारियों का। अच्छा हुआ। पर एक पुतला और बनना चाहिए था, उस चुप्पी का जो तेरह करोड़ नामों पर दस दिन तक बनी रही, जब तक अदालत ने नोटिस नहीं दिया। वह चुप्पी भी जनकल्याण के विरुद्ध थी। और रामराज्य में, प्रधानमंत्री के ही शब्दों में, सत्ता का मतलब जनकल्याण है, तो जनता के सवाल का उत्तर भी उसी कल्याण का हिस्सा है।

जब तक अयोध्या का हर धोबी निर्भय होकर बोल न सके, तब तक राम लौटे हों तो भी यही माना जाएगा कि रामराज्य नहीं लौटा।
हर साल की तरह इस बार भी रात बीतते-बीतते रावण की राख ठंडी हो जाएगी। लोग अगले त्यौहार की तैयारी में जुट जाएंगे। राम के अयोध्या आगमन के बहाने दिवाली पर असंख्य दिए जलाए जाएंगे। आतिशबाजी भी खूब होगी लेकिन एक सवाल तब भी बचा रहेगा जो आज के भाषण से ही निकला है। अगर रामराज्य में सत्ता का मतलब जनकल्याण है, तो उन अनगिनत धोबियों का क्या जो सिर्फ सवाल करने, सत्ता से पूछने के कारण दिल्ली के तिहाड़ सहित देश के विभिन्न जिलों में कैद है?

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

विचार

बाज़ारवाद की आंधी में खोता दीपावली का मूल मर्म

भारतीय संस्कृति ने जीवन को जिन उदात्त मूल्यों और दृष्टियों से आलोकित...

विचार

स्वयं की शुद्धि से ही मिलेगी सिद्धि 

अनिल तिवारी   स्वभाव और संस्कार से ही धर्मप्राण भारत की उत्सवधर्मिता...

विचार

रैली के मायने सिर्फ राजनीतिक रार ही नहीं…

गौरी तिवारी   आजाद भारत में धरना, प्रदर्शन, रैली आदि का आयोजन...

विचार

युद्ध और मानवता का प्रश्न

गौरी तिवारी   युद्ध, यह छोटा-सा शब्द बहुत विशाल और भयावह अर्थ...