Thursday , 12 November 2026
Home नायाब व्यक्तित्व अद्भुत, अलौकिक, अलख निरंजन गोरखनाथ
नायाब व्यक्तित्व

अद्भुत, अलौकिक, अलख निरंजन गोरखनाथ

विक्रम् संवत की दसवीं शताब्दी में भारतवर्ष के महान गुरु गोरक्षनाथ (गोरखनाथ) का आविर्भाव हुआ। शंकराचार्य के बाद इतना प्रभावशाली और इतना महिमान्वित महापुरुष भारतवर्ष में दूसरा नहीं हुआ। भारतवर्ष के कोने कोने में उनके अनुयायी आज भी पाये जाते हैं। भक्ति आन्दोलन के पूर्व सबसे शक्तिशाली धार्मिक आन्दोलन गोरख नाथ का योगमार्ग ही था। भारतवर्ष की ऐसी कोई भाषा नहीं है जिसमें गोरक्षनाथ संबंधी कहानियाँ न पाई जाती हों। इन कहानियों में परस्पर ऐतिहासिक विरोध बहुत अधिक है परन्तु फिर भी इनसे एक बात अत्यन्त स्पष्ट हो जाती है- गोरक्षनाथ अपने युग के सबसे बड़े नेता थे। उन्होंने जिस धातु को छुआ वही सोना हो गया। दुर्भाग्यवश इस महान् धर्मगुरु के विषय में ऐतिहासिक कही जाने लायक बातें बहुत कम रह गई हैं। दन्तकथाएँ केवल उनके और उनके द्वारा प्रवर्तित योग मार्ग के महत्त्व-प्रचार के अतिरिक्त कोई विशेष प्रकाश नहीं देतीं ।

उनके जन्मस्थान का कोई निश्चित पता नहीं चलता। परम्पराएँ अनेक प्रकार के अनुमान को उत्तेजना देती हैं और इसीलिए भिन्न भिन्न अन्वेषकों ने अपनी रुचि के अनुसार भिन्न भिन्न स्थानों को उनका जन्मस्थान मान लिया है। ‘योगिसंप्रदाया विष्कृति’ में उन्हें गोदावरी तीर के किसी चंद्रगिरि में उत्रन्न बताया गया है। नेपाल दरबार लाईब्रेरी में एक परवर्ती काल का ‘गोरक्षसहस्त्रनामस्तोत्र’ नामक छोटा सा ग्रंथ है। उसमें एक श्लोक इस आशय का है कि दक्षिण दिशा में कोई बड़व नामक देश है वही महामंत्र के प्रसाद से महाबुद्धिशालो गोरक्षनाथ प्रादुर्भूत हुए थे । संभवतः इस श्लोक में उसी परंपरा की ओर इशारा है जो ‘योगिसंप्रदायाविष्कृति’ में पाई जाती है। श्लोक में का बड़व शायद गोदावरी तीर के प्रदेश का वाचक हो सकता है। क्रुक्स ने एक परम्परा का उल्लेख किया है, जिसे ग्रियर्सन ने भी उद्धृत किया है जिसमें कहा गया है कि गोरक्षनाथ सत्ययुग में पंजाब के पेशावर में, त्रेता में गोरखपुर में, द्वापर में द्वारका के भी आगे हुरमुज में और कलिकाल में काठियावाड़ की गोरखमढ़ी में प्रादुर्भूत हुए थे। बंगाल में यह विश्वास किया जाता है कि गोरक्षनाथ उसी प्रदेश में उत्पन्न हुए थे। नेपाली परंपराओं से अनुमान होता है कि वे पंजाब से चलकर नेपाल गए थे। गोरखपुर के महन्त ने ब्रिग्स साहब को बताया था कि गुरु गोरखनाथ टिला (मेलम-पंजाब) से गोरखपुर आए थे? नासिक के योगियों का विश्वास है कि वे पहले नेपाल से पंजाब आए थे और बाद में नासिक की ओर गए थे। टिला का प्राधान्य देखकर ब्रिग्स ने अनुमान किया है कि वे संभवतः पंजाब के निवासी रहे होंगे। कच्छ में प्रसिद्धि है कि गोरक्षनाथ के शिष्य धर्मनाथ पेशावर से कच्छ गए थे। ग्रियर्सन ने इन्हें गोरखनाथ का सतीर्थ कहा है परन्तु वस्तुतः धरमनाथ बहुत परवर्ती हैं। ग्रियर्सन ने अन्दाज लगाया है कि गोरक्षनाथ संभवतः पश्चिमी हिमालय के रहने वाले थे। इन्होंने नेपाल को आर्य अवलोकितेश्वर के प्रभाव से निकालकर शैव बनाया था। ब्रिग्स का अनुमान है कि गोरक्षनाथ पहले वज्रयानी साधक थे, बाद में शैव हुए थे। डॉ हजारी प्रसाद द्विवेदी ने मत्स्येंद्रनाथ के प्रसंग में इस मत की और एतत्संबंधी तिब्बती परंपरा की जांच की है। तिब्बती परंपराएं बहुत परवर्ती हैं और विकृतरूप में उपलब्ध हैं; उनको बहुत अधिक निर्भरयोग्य समझना भूल है। उनका अनुमान है कि गोरक्षनाथ निश्चित रूप से ब्राह्मण जाति में उत्पन्न हुए थे और ब्राह्मण बातावरण में बड़े हुए थे। उनके गुरु मत्स्येंद्रनाथ भी शायद ही कभी बौद्ध साधक रहे हों। उनके अनुमान का कारण गोरक्षनाथी साधना का मूल सुर है।

गोरक्षनाथ के नाम पर बहुत ग्रंथ चलते हैं जिनमें अनेक तो निश्चित रूप से परवर्ती हैं और कई संदेहास्पद हैं। सब मिला कर केवल इतना ही कहा जा सकता है कि गोरक्षनाथ की कुछ पुस्तकें नाना भाव से परिवर्तित परिवर्धित और विकृत होती हुई अज तक चली आ रही हैं। उनमें कुछ-न-कुछ गोरक्षनाथ की वाणी रह जरूर गई है, पर सभी की सभी प्रामाणिक नहीं हैं। इन पुस्तकों पर से कई विद्वानों ने गोरखनाथ का स्थान और कालनिर्णय करने का प्रयत्न किया था, वे सभी प्रयत्न निष्फल सिद्ध हुए हैं। कबीरदास के साथ गोरखनाथ की बातचीत हुई थी, और उस बातचीत का विवरण बताने वाली पुस्तक उपलब्ध है इस पर से एक बार ग्रियर्सन तक ने अनुमान किया था कि गोरखनाथ चौदहवीं शताब्दी के व्यक्ति थे। गुरु नानक के साथ भी उनकी बातचीत का विवरण मिल जाता है। और, और तो और सत्रहवीं शताब्दी के जैन दिगंबर सन्त बनारसीदास के साथ शास्त्रार्थ होने का प्रसंग भी आया है। टेसिटरी ने बनारसीदास जैन की एक पुस्तक ‘गोरखनाथ का बचन’ का भी उल्लेख किया है। इन बातचीतों का ऐतिहासिक मूल्य बहुत कम है। ज्यादा से ज्यादा इनकी व्याख्या सांप्रदायिक महत्त्व प्रतिपादन के रूप में ही की जा सकती है। या फिर आध्यात्मिक रूप में इसकी व्याख्या यों की जा सकती है कि परवर्ती सन्त ने ध्यान बल से पूर्ववर्ती सन्त के उपदिष्ट मार्ग से अपने अनुभवों की तुलना की है। परन्तु उनपर से गोरखनाथ का समय निकालना निष्फल प्रयास है। कबीरदास के साथ तो मुहम्मद साहब की बातचीत का ब्यौरा भी उपलभ्य है तो क्या इसपर से यह अनुमान किया जा सकता है कि कबीरदास और हजरत मुहम्मद समकालीन थे ? वस्ततुः गोरक्षनाथ को दसवीं शताब्दी का परवर्ती नहीं माना जा सकता।

गोरक्षनाथ और उनके द्वारा प्रभावित योगमार्गीय ग्रंथों के अवलोकन से स्पष्ट रूप से पता चलता है कि गोरक्षनाथ ने योगमार्ग को एक बहुत ही व्यवस्थित रूप दिया है। उन्होंने शैव प्रत्यभिज्ञादर्शन के सिद्धान्तों के आधार पर बहुधाबिस्त्रस्त काया-योग के साधनों को व्यवस्थित किया है, आत्मानुभूति और शैव परंपरा के सामंजस्य से चक्रों की संख्या नियत की, उन दिनों अत्यन्त प्रचलित बज्रयानी साधना के पारिभा षिक शब्दों के सांवृतिक अर्थ को बलपूर्वक पारमार्थिक रूप दिया और अब्राह्मण उद्‌गम से अद्भूत और संपूर्ण ब्राह्मण विरोधी आंदोलन विरोधी साधनमार्ग को इस प्रकार संस्कृत किया कि उसका रूढ़ि विरोधी रूप ज्यों का त्यों बना रहा परन्तु उसकी अशिक्षा अन्य प्रमाद पूर्ण रूढ़ियाँ परिष्कृत हो गई। उन्होंने लोकभाषा को भी अपने उपदेशों का माध्यम बनाया। यद्यपि उपलभ्य सामग्री से यह निर्णय करना बड़ा कठिन है कि उनके नाम पर चत्तने वाली लोकभाषा की पुस्तकों में कौन-सी प्रामाणिक है और उनकी भाषा का विशुद्ध रूप क्या है तथापि इसमें संदेह नहीं कि उन्होंने अपने उपदेश लोकभाषा में प्रचारित किए थे। कभी कभी इन पुस्तकों की भाषा पर से भी उनके काल का निर्णय करने का प्रयास किया गया है।

गोरखनाथ द्वारा लिखी गई पुस्तकों का एक विवरण अपने शोध में डॉ हजारी प्रसाद द्विवेदी ने प्रस्तुत किया है जो निम्नलिखित है।
अमनष्क, अमरौघशासनम, अवधूतगीता, गोरखकल्प, गोरख कौमुदी, गोरख गीता, गोरख चिकित्सा, गोरख पद्धति, गोरख शतक, गोरख शास्त्र, गोरख संहिता, ज्ञान शतक, ज्ञानप्रकाश शतक, ज्ञानामृत योग, नाड़ीज्ञान प्रदीपिका, महार्थ मंजरी, योग चिंतामणि, योग मार्तंड, योग बीज, योग शास्त्र, योग सिद्धांत पद्धति, विवेक मार्तंड, श्रीनाथ सूत्र, सिद्ध सिद्धांत पद्धति, हठयोग, हठसंहिता प्रमुख हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

नायाब व्यक्तित्व

पटेल पर स्वदेश को गुमान है

(असरदार सरदार की जन्म जयंती पर विशेष)   गौरी तिवारी   आजादी...