Wednesday , 11 November 2026
Home साहित्य आशा, संवेदना, समाज और जीवन के संगम का काव्य संग्रह
साहित्य

आशा, संवेदना, समाज और जीवन के संगम का काव्य संग्रह

गौरी तिवारी

 

आज के समय में जब साहित्य भी बाजारवाद, तात्कालिक लोकप्रियता और उपभोक्तावादी प्रवृत्तियों के प्रभाव से अछूता नहीं रह गया है, तब जीवन की सहज संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखने वाली रचनाएँ विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करती हैं। 1936 में भारत में प्रेमचंद की अध्यक्षता में जिस ‘प्रगतिशील लेखक संघ’ की नींव रखी गई, उसकी सभा में उन्होंने साहित्य के उद्देश्य पर बात करते हुए कहा कि साहित्य का उद्देश्य सिर्फ आनंद नहीं है बल्कि उसका उद्देश्य समाज की समस्याओं को सामने लाना, उसका समाधान करना और निष्कर्ष निकालना है। वे साहित्यकार को समाज का सजग और संवेदनशील प्रवेक्षक मानते थे, उनके अनुसार लेखक का कार्य सिर्फ घटनाओं का वर्णन करना नहीं है अपितु उसके पीछे मानवीय पीड़ा और सामाजिक विडंबना को सामने लाना है। निस्संदेह साहित्य मानव जीवन से निकलता है और मानव जीवन को ही प्रभावित भी करता है इसलिए साहित्य की सार्थकता अंततः उसकी उस सामर्थ्य में निहित है, जो मनुष्य को मनुष्य से जोड़ती है और समय के प्रश्नों के प्रति संवेदनशील बनाती है। रवीन्द्र कुमार ‘रवि’ का काव्य-संग्रह ‘कल मुझको ही आना है’ अपनी विषय-विविधता के माध्यम से इसी मानवीय संवेदना, सामाजिक चेतना और जीवन के प्रति आस्था की पड़ताल का अवसर प्रदान करता है। बचपन, मातृत्व, प्रकृति, श्रम, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक विसंगतियों से जुड़े विषयों का समावेश इस संग्रह को जीवन के विविध अनुभवों से जोड़ता है।

लाख हों झंझावात मगर,
अपनी मंज़िल को पाना है
कल मुझको ही आना है।
जहां एक ओर कुछ काव्य-कृतियाँ सिर्फ मनोरंजन तक सीमित रहती हैं वहीं दूसरी ओर कुछ कृतियाँ ऐसी भी होती हैं जो पाठक के अंतस को प्रभावित कर उनमें चेतना जागृत करती हैं, जो विमर्श के नए द्वार खोलती हैं तथा कुछ तो ऐसी होती हैं जो अंतिम पृष्ठ के पलट जाने के उपरांत भी पाठक को बांधे रखती हैं। सुप्रतिष्ठित कवि एवं शिक्षाविद्, रविन्द्र कुमार ‘रवि’ द्वारा रचित उनका नवीनतम काव्य संग्रह ‘कल मुझको ही आना है’ भी एक ऐसी ही कृति है जो जीवन की कठिन राहों के बावजूद मंजिल की ओर कदम बढ़ाने को प्रेरित करती है। परम्परागत ग्रामीण संस्कृति और समकालीन राजनीतिक यथार्थ की पृष्ठभूमि के इस काव्य संग्रह में सिर्फ हिन्दी ही नहीं अपितु भोजपुरी एवं बज्जिका जैसी दो प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं में भी कुछ रचनाएं हैं। हिन्दी कविता के विकास में निरंतर परिवर्तन हुए हैं, वहीं एक समय ऐसा आया जब कविता में लयात्मकता तथा गीतात्मकता के स्थान पर विचारों को महत्व दिया जाने लगा, जिसके कारण गद्यात्मक कविताओं की रचनाएं की जाने लगी, किंतु कवि रवींद्र रवि जी अपने पारंपरिक गीत लेखन की कला के माध्यम से हिन्दी गीत को प्रेमचंद की परंपरा और विरासत से जोड़ते नज़र आते हैं, वे गीत को चेतना के धरातल तक लेकर जाते हैं और उसमें एक नई अर्थध्वनी उत्पन्न करते हैं।

इस संग्रह की कविताओं की विषयवस्तु पर यदि बात की जाए तो भली भांति देख जा सकता है कि उनका विस्तार सामान्य दैनंदिन जीवन के यथार्थ से लेकर मानवीय संवेदनाओं की अछोर सीमा तक है। प्रेम और वियोग के शाश्वत द्वंद्व, आशा-निराशा के अंतर्द्वंद्व, शैशव और मातृत्व की कोमल अनुभूतियाँ, श्रम की महत्ता और उसकी गरिमा, सामाजिक समरसता, राष्ट्रचेतना तथा आम जनजीवन की अदम्य जिजीविषा—ये सभी विविध भाव-खंड इस संग्रह में अपनी संपूर्ण प्रामाणिकता के साथ रूपायित हुए हैं। इन कविताओं का शिल्प जहाँ एक ओर सुमधुर गीतात्मकता लिए है, वहीं दूसरी ओर उनका अंतःस्वर गहन दार्शनिक चिंतन और उदात्त मानवीयता से परिपूर्ण है। कवि की रचनात्मक संवेदना किसी एक भावभूमि अथवा विषय-परिसर तक सीमित नहीं है, उन्होंने संग्रह को ‘उजास’, ‘प्रतिध्वनि’, ‘अभिव्यक्ति’ और ‘यथार्थ’ नामक चार खंडों में विभाजित किया है। ये शीर्षक सिर्फ काव्य संग्रह के बाह्य विन्यास को व्यवस्थित नहीं करते, अपितु कवि की संवेदनात्मक और वैचारिक यात्रा के चार संभावित आयामों की ओर भी संकेत करते हैं। ‘उजास’ में जीवन, प्रकृति, परिवार, प्रेम, बाल्यावस्था और आशा से संबंधित भावभूमि प्रमुखता से उभरती है; ‘प्रतिध्वनि’ में सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय सरोकारों, मानवीय मूल्यों तथा समकालीन जीवन की विसंगतियों की अनुगूँज सुनाई देती है, जबकि ‘अभिव्यक्ति’ का शीर्षक व्यक्तिगत अनुभूति से सामाजिक वक्तव्य तक पहुँचने वाली काव्यात्मक प्रक्रिया की ओर संकेत करता है और वहीं अतिम खंड ‘यथार्थ’ के माध्यम से कवि राजनीतिक विसंगतियों पर तीखा व्यंग्य करते हैं। इस प्रकार संग्रह का विन्यास निजी संवेदना से सामाजिक चेतना की ओर विस्तृत होती काव्य-दृष्टि का संकेतक बन जाता है। संग्रह का प्रथम खंड ‘उजास’ अपने नाम के अनुरूप आशा, सृजनशीलता और जीवन के सकारात्मक पक्षों की ओर संकेत करता है। ‘मेरा गीत उसे ही प्यारा’, ‘कल मुझको ही आना है’, ‘अनमोल बचपन’, ‘तुम भी बच्चे बन जाओ’, ‘नव वर्ष’, ‘एक दीप हम भी बन जाएँ’ और ‘होली की पहचान’ जैसी कविताओं के माध्यम से कवि की विविध भावभूमियों को समझा जा सकता है तथा देखा जा सकता है कि किस प्रकार कवि की दृष्टि जीवन के उन पक्षों पर केंद्रित है, जिनमें आत्मीयता, स्मृति, उत्सवधर्मिता और भविष्य के प्रति विश्वास का विशेष महत्त्व है। इसी खंड में ‘कल मुझको ही आना है’ काविता भी है। यह कविता विशेष रूप से इसलिए उल्लेखनीय है, क्योंकि यही शीर्षक संपूर्ण संग्रह की केंद्रीय संवेदना को धारण करता प्रतीत होता है। ‘कल’ यहाँ केवल समय की आगामी इकाई नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं का प्रतीक भी है। भविष्य का निर्माण वर्तमान में किए गए कर्मों, लिए गए निर्णयों और अपनाए गए मूल्यों से होता है। इस दृष्टि से शीर्षक मनुष्य को निष्क्रिय प्रतीक्षा के स्थान पर सक्रिय सहभागिता की ओर उन्मुख करता है। इसी खंड में ‘माँ ही तीर्थ-धाम’ तथा ‘ये विलक्षण बेटियाँ’ और ‘आशा-किरण हैं बेटियाँ’ जैसी रचनाओं के शीर्षक पारिवारिक संबंधों, मातृत्व, स्त्री-अस्तित्व और सामाजिक दृष्टिकोण के महत्त्वपूर्ण प्रश्नों को सामने लाते हैं। भारतीय सांस्कृतिक चेतना में माँ का स्थान केवल पारिवारिक संबंध तक सीमित नहीं रहा है, वह करुणा, त्याग, संरक्षण और आत्मीयता की प्रतीक भी रही है। ‘माँ ही तीर्थ-धाम’ शीर्षक इसी सांस्कृतिक संवेदना को व्यक्त करता प्रतीत होता है। दूसरी ओर, बेटियों पर केंद्रित दोनों शीर्षक स्त्री के अस्तित्व को आशा, संभावना और सामाजिक महत्त्व से जोड़ते हैं। थाती है यह धान कविता में देखा जा सकता है कि कैसे कवि धान को सिर्फ सफल की परिपाटी तक सीमित न करके उसे भारतीय संस्कृति में रचा-बसा हुआ जीवनदायिनी अन्न मानते हैं तथा धान की महिमा का गान इस प्रकार करते हैं मानो धान को मात्र सफल कहना उसको गरिमच्युत करना है। संग्रह का दूसरा खंड ‘प्रतिध्वनि’ अपने नाम से ही ऐसी अनुभूतियों, विचारों और प्रश्नों की ओर संकेत करता है, जिनकी अनुगूँज व्यक्ति की सीमाओं से बाहर निकलकर समाज में सुनाई देती है। प्रेमचंद की परंपरा में आओ करें प्रयाण कविता के पहले तथा दूसरे भाग के माध्यम से उपभोक्तावाद, जातिगत भेदभाव, धर्म के नाम पर दंगों, आदि कुरीतियों के विरुद्ध आवाज़ उठाते हैं। वहीं ‘हसने पर प्रतिबंध’ कविता में अचूक प्रतीकात्मकता देखी जा सकती है। हसने पर प्रतिबंध वहीं होता है जहां अभिव्यक्ति खतरे में हो, जहां शासन की बंदूक सीधी तनी हो, नफरत की राजनीति फल फूल रही हो या लोगों के पास रोजगार न हो। कवि ऐसी विकट परिस्थितियों में भी कहते हैं –
“हो प्यार की खुशबू भीनी सी
नफरत की कोई गंध न हो
मां की ममता लाचार न हो
हसने पर भी प्रतिबंध न हो”
यदि दमनकारी व्यवस्था में भी कोई हंसता है तो उसका हसना शासन को डरा सकता है, कवि इसी महत्वपूर्ण काव्य संकेत को अत्यंत सरलता से अपने गीत में कह जाते हैं। बिहार हमेशा से भारतीय इतिहास, ज्ञान-परंपरा, बौद्धिक विमर्श, लोकसंस्कृति और सामाजिक आंदोलनों की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण प्रदेश रहा है इसे ध्यान में रखते हुए कवि ने इस खंड में ‘बिहार गाथा’ शीर्षक से दो रचनाएँ भी सम्मिलित की हैं। ये दोनों ही कविताएं क्षेत्रीय अस्मिता, सांस्कृतिक स्मृति और ऐतिहासिक चेतना की संभावनाओं को उद्घाटित करती हैं। संग्रह के तीसरे खंड ‘अभिव्यक्ति’ में ‘आपन पॉलिटिक्स बेचीं हम बजरिया में’, ‘ठेकेदारों ने क्या ही छला है’, ‘दिल से लगाकर देखिए’, ‘हिस्सा बटा कर देखिए’, ‘दास्ताँ हूँ आज की’, ‘तेरी हर बात ही बन जाए ख़बर’, ‘हम तो हँसते ही रहे पी के ज़हर’, ‘क्यों उड़ रही हैं हवाईयाँ’ और ‘हम जी रहे या मर रहे’ जैसी कविताएं शामिल हैं। इन कविताओं में आत्मीयता, साझेदारी, समकालीन यथार्थ, समाचार-संस्कृति, प्रतिकूल परिस्थितियों में जीवन और अस्तित्वगत प्रश्नों के विविध संकेत दिखाई देते हैं। इस खंड की विषयगत संभावनाएँ व्यक्तिगत संबंधों से लेकर सार्वजनिक जीवन और सामाजिक मनःस्थिति तक विस्तृत हैं। ‘हम तो हंसते ही रहे पीकर ज़हर’ कविता कहीं न कहीं ग़ज़ल की श्रेणी में भी आती है,
“बोलती थी जो जुबां बंद हुई
अब तो मुर्दों से ही जिंदा है शहर।”
कविता की इन पंक्तियों द्वारा देखा जा सकता है कि निराशा इतनी घनी है कि कई बार कवि को पता ही नहीं चलता कि ‘हम जी रहे हैं या मर रहे हैं’। उनके लिए गीत गजल का मतलब सिर्फ प्रेम, श्रृंगार और कोरी भावुकता नहीं है, उन्होंने अपनी रचनाओं द्वारा सिद्ध किया है कि गीत और गज़ल में आम जीवन का संघर्ष, राजनीति का दाव पेंच यहां तक कि व्यंग्यबोध भी अपनी पूरी सृजनात्मकता के साथ हो सकता है। अंतिम यानि चौथे खंड ‘यथार्थ’ में अपनी रचनाओं को समाज के दर्पण के रूप में प्रस्तुत किया है तथा व्यंग्य के माध्यम से सत्ता पर कटाक्ष करते हैं। आज जहां बड़े-बड़े पत्रकार, लेखक, बुद्धिजीवी सत्ता के विरोध में कुछ कहने से डरते हैं, उल्टा सत्ता के एक बुलावे पर चाटुकारिता के लिए उपस्थित रहते हैं, इसी स्थिति पर व्यंग्य करते हुए कवि सीकरी पावन धाम जैसी कविता लिखते हैं। जहां एक ओर भ्रष्ट सत्ताधारियों पर व्यंग्य करते हुए कवि ‘प्रभु ठहरे कृपानिधान’ कविता में लिखते हैं किस प्रकार तख़्त के लोभ में भ्रष्ट सत्ताधारी मासूम भूखी जनता का शोषण करते हैं, वहीं दूसरी ओर धरने की दरी शीर्षक से चार भागों के बंटी कविता के माध्यम से अपनी आंदोलनधर्मी चेतना को जगाये रखते हैं और आंदोलन की जीवटता और सार्थकता को उद्घाटित करते हैं। वे लिखते हैं कि किस प्रकार युवाओं या किसानों के आंदोलन में तपती धूप, तेज बारिश, भीषण तूफान जैसी मौसम की मार झेलते हुए भी आंदोलनकारी का उसी दरी पर अडिग संघर्ष करना, उनकी सामूहिक जिजीविषा कवि को आकर्षित करता है। अपनी कविताओं में उन्होंने दरी को प्रतिरोध और संघर्ष के प्रतीक के रूप में चित्रित किया है।

कुल मिलाकर कहा जाए तो ‘कल मुझको ही आना है’ काव्य संग्रह भाषिक विविधता के साथ भारतीय लोकजीवन की बहुरंगी सांस्कृतिक चेतना का प्रतिनिधि करता है। इस संग्रह की रचनाएं प्रेम और प्रकृति की पारंपरिक गीत-भूमि से आगे बढ़कर श्रम, प्रतिरोध, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक स्मृति और जनजीवन के ज्वलंत प्रश्नों को गीत और ग़ज़ल की संवेदनात्मक संरचना के रूप में प्रस्तुत करती हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

साहित्य

मानवीय संवेदनाओं का उद्घोष है स्वच्छंदतावाद

गौरी तिवारी   अच्छा साहित्य मानव जीवन को प्रभावित करता है। जीवन...

साहित्य

लोकचेतना के प्रखर पैरोकार बाबा नागार्जुन

बाबा नागार्जुन की पुण्यतिथि पर विशेष    गौरी तिवारी   बैद्यनाथ मिश्र...

साहित्य

गौरी (कहानी)

डॉ. शैलेन्द्र कुमार   चैत्र मास समाप्ति की ओर है। यद्यपि दोपहर...

साहित्य

नाटक : परिभाषा और उसके तत्व

• नाटक दृश्य विधा है, यह शब्दकला नहीं अपितु अभिनय की कला...