Wednesday , 11 November 2026
Home साहित्य गौरी (कहानी)
साहित्य

गौरी (कहानी)

डॉ. शैलेन्द्र कुमार

 

चैत्र मास समाप्ति की ओर है। यद्यपि दोपहर के बाद तो अब सूर्यदेव अपना प्रचंड रूप दिखाने लगे हैं, परंतु प्रातः बेला अभी भी शीतल है। बालसूर्य की नयनाभिराम बेला। टहलने के लिए उपयुक्त समय। इसलिए इसी बेला में में घर में निकला। मार्ग के दोनों ओर गेहूं की पकी बालियों की सुनहरी चादर ओढ़े खेत। बीच-बीच में उस सुनहरी चादर को हरे रंग के छापे से दो-रंगा बनाती गन्ने और मक्के की फसलें। कहीं-कही आम के बगीचे और उनमें से छनकर बाहर आती कोयल की कूक। सड़क किनारे यत्र-तत्र रंग-बिरंगे फूलों में आच्छादित कनेर, पलाश और शिरीष के वृक्ष। प्रकृति का मनमोहक स्वरूप।

मैंने भवानीपुर गाँव की ओर रुख किया। रास्ते में पहले मझगामा मिला। छोटा सा गाँव। यहाँ हमारे खेतों में काम करने वाले जन-मजदूर रहा करते हैं। इस गाँव को पार करते हुए मुझे एक भी परिचित चेहरा नहीं दिखा। मझगामा पार करने के बाद में अचानक दो-रास्ते पर खड़ा हो गया। यहाँ में अनजाने में में भवानीपुर के रास्ते को छोड़कर दूसरे रास्ते पर आगे बढ़ गया। थोड़ी ही देर में मुझे बसतपुर और उसके बाद बंगराहा गाँव मिला। इन दोनों गाँवों को संभवतः मैंने पहली बार देखा। हमारे परिवार का संपर्क इन गाँवों से भी रहा है। अक्सर मैंने इनकी चर्चा सुनी है। बंगराहा में एक राजकीय विद्यालय देखकर बड़ी प्रसन्नता हुई। लगा कि यहां के बच्चे इस विद्यालय में पढ़ते होंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कारण गाँव-गाँव में अच्छी पक्की सड़क हो ही गई है। अब बिजली भी अधिकतर घरों में पहुंच गई है। शिक्षा की सहज उपलब्धता में इन गाँवों की अगली पीढ़ी अवश्य शिक्षित होगी। बंगराहा से थोड़ा और आगे बढ़ने पर भवानीपुर दिखाई देने लगा। भवानीपुर मैं पहले जा चुका था। पर इस बार इच्छा थी इसे ध्यान से देखने की। भवानीपुर में अपने नाम के विपरीत एक भी घर हिंदुओं का नहीं है। यहाँ सिर्फ और सिर्फ मुसलमान ही रहते हैं। इसी तरह एक गाँव तुरकौलिया है। अनुमान से उस गाँव का नाम तुर्क और औलिया को मिलाकर बना होगा। पर घोर आश्चर्य की बात है कि इस गाँव में शायद ही मुसलमानों का कोई घर हो । लेकिन चूँकि यह रास्ता भवानीपुर का चालू रास्ता नहीं था, इसलिए आगे आना कठिन प्रतीत हुआ। सामने कोई और विकल्प न होने के कारण मैं वापस लौटने लगा। सोचा कि भवानीपुर फिर कभी जाऊँगा।

बसतपुर और बंगराहा पार करके ज्यों ही मैं मझगामा में घुमा तो देखा कि सड़क किनारे ही थोड़ी दूर पर कुर्सी पर बैठे गौरी लोहार अपनी कुर्मी छोड़कर अपने डंडे के सहारे तेज कदमों में मेरी ओर आ रहे हैं। गौरी ने मुझे पहचान लिया था। बउआ, बउआ पुकारते हुए गौरी मेरी ओर लपके। मैंने गौरी के कंधे पर अपने हाथ रख दिए। गौरी का कंठ अवरुद्ध हो गया और आँखों में आँसू छलक पड़े। फिर भी दशकों में बिछडे अपने किसी आत्मीय मे मिलने पर जो बेपनाह खुशी मिलती है उसके कारण गौरी किसी तरह बोले ही जा रहे थे, “इ नरायने के किरपा है कि बउआ के दरसन भेल। न त हम बेर-बेर सोची कि अहां के दरसन कैले बिना ही हम दुनिया में चल जाएव। इ हमरे पुन्य के फल है कि आइ बउआ के दरसन भेल।”
(“नारायण की ही कृपा है कि बउआ के दर्शन हो गए। मैं बार-बार सोचता था कि बउआ के दर्शन किए बिना ही में दुनिया से चला जाऊँगा। यह मेरे पुण्य का ही फल है कि आज बउआ के दर्शन हो ही गए।”)

गौरी से काफी देर तक बातचीत होती रही। गौरी ने सगर्व अपने तीनों बेटों के घर दिखाए और अपना माथा ऊँचा करके बताया,
“भगवान के किरपा से हमरा कोनो चीज के कमी न हय।”(भगवान की कृपा में मुझे किसी भी चीज की कमी नहीं है।)

अपनी उपलब्धियों से संतुष्ट गौरी मुझसे मिलकर आत्म-विभोर थे। मुझसे कहा, “हम केनाहितो चल के अहां के दुरा पर जाएब। अहां के दुरा पर हमरा गेल जुग बीत गेल।”
(मैं किसी भी तरह आपके द्वार पर जाऊँगा। आपके द्वार पर गए एक युग बीत गया है।)

मैं गौरी का उत्साह देखकर दंग हो गया। इस अवस्था में लगभग तीन किलोमीटर की दूरी गौरी कैसे पार करेंगे। मैंने गौरी से पूछा भी। अपनी शारीरिक क्षमता पर भरोसा करते हुए गौरी ने उत्तर दिया,
“गमे-गमे चलइत दुरा पर पहुँच जाएब।”
(धीरे-धीरे चलकर द्वार तक पहुँच जाऊँगा।)

मैंने प्यार से कहा,
“तोरा अनेक दूर पैदल न जाए के पड़तो। हम अपने आके तोरा ले जाएब और इहाँ पहुँचाइयो देब।”
(“आपको इतनी दूर पैदल चल के नहीं जाना पड़ेगा। मैं म्वयं आकर आपको ले जाऊँगा और वापस पहुँचा भी जाऊँगा।”)

गौरी की बाँधें खिल गई। मैंने गौरी को आश्वस्त करते हुए कहा,
“हम कोनियो बेरी आके तोरा ले जाएब।”
(“मैं किसी भी समय आकर आपको ले जाऊँगा।”)
विदा होते हुए मैंने गौरी से पूछा,
“तोरा कोनो चीज के तकलीफ न न हौ ?”
(“आपको किसी चीज की तकलीफ तो नहीं है?”)
प्रश्न सुनते ही गौरी की आँखें एक बार और छलछला गईं और रुंधे गले से गौरी ने हौले मे उत्तर दिया,
“हम अपना जिनगी में बहुत कुछ कइली, बहुत मपनि बनइली बाल-बच्चा के इहां तक पहुंचइली लेकिन वोकर सब के ब्योहार जेहन चाही तेहन न हय। बस एतने दुख हय।”
(“मैंने अपने जीवन में बहुत कुछ किया, बहुत संपत्ति अर्जित की, बाल-बच्चों को यहाँ तक पहुंचाया। लेकिन मेरे प्रति जैसा उनका व्यवहार होना चाहिए वैसा नहीं है। बस इतना ही दुख है।”)

पता नहीं गौरी को अपने बच्चों से अपेक्षा अधिक थी या सचमुच उनका गौरी के प्रति व्यवहार अच्छा नहीं था। यह जानना मेरे लिए कठिन था। वैसे मेरा अनुभव बताता है कि वृद्ध जन बड़ी कठिनाई से ही अपने बच्चों से संतुष्ट हो पाते हैं। मैंने गौरी को आश्वस्त किया कि
“तु चिंता न करा। हमरा से जे भी होतो में हम तोरा लेल करबो।”
(“आप चिंता मत कीजिए। मुझसे जो भी बन पड़ेगा मैं आपके लिए करूँगा।”)

गौरी को आश्वस्त करके मैंने उनसे विदा ली। दिन चढ़ने लगा था। मैं घर आकर अपने कामों में लग गया। इस प्रकार दिन निकल गया और शाम हो गई। पर मैं गौरी को लेने नहीं जा सका। कल का दिन भी यूँ ही बीत गया। ऐसा नहीं था कि मैं गौरी को भूल गया था। असल में कामों में उलझे रहने के कारण और असमय लाने में गौरी को कष्ट होगा ऐसा सोचकर मैं उपयुक्त समय तय नहीं कर सका। तीसरे दिन सुबह से ही मन बना लिया कि आज गौरी को लेने जाऊँगा। अन्यथा भी अगले दिन मुझे दिल्ली के लिए गाँव से प्रस्थान करना था, इसलिए अब इस काम को मैं टाल नहीं सकता था।

अंततोगत्वा सायंकाल अपने चचेरे भाई बबलू के साथ मैं गौरी के घर पहुंचा। गौरी अपने घर के बाहर ही कुर्सी पर बैठे मिल गए। मैंने गाड़ी रोकी और सीधे उनके पास गया। मैंने कहा,
“तोरा दुरा पर ले चले लागी अइलियो है।”
(“आपको अपने द्वार पर ले जाने के लिए मैं आया हूँ।”)

बिना एक भी पल गँवाए गौरी झट से उठ गए और साथ चलने के लिए आगे बढ़ने लगे। गौरी के पैर में न जाने अचानक कहाँ से बल आ गया। गौरी तेज ढंग भर रहे थे। मेरे द्वार पर जाने के उत्साहातिरेक में बोलने लगे
“हमरा पूरा भरोसा रहे कि बउआ हमरा लेवे जरूर अएतन।”
(“मुझे पूरा भरोसा था आप मुझे लेने अवश्य आइएगा।”)
मैंने स्पष्टीकरण में इतना ही कहा कि
“घर के काम में लागल रहला के चलते हम पहिले न आ सकलियो।”
(“घरेलू कामों में व्यस्त होने के कारण में पहले नहीं आ सका।”)

गाड़ी की पिछली सीट पर मैंने गौरी को बैठने को कहा। गौरी ने धीरे-धीरे अपना डंडा संभाला और बैठ गए। आगे की सीट पर मेरी बायीं ओर बबलू बैठा। रास्ते में कभी मुझसे तो कभी बबलू से गौरी ने थोड़ी-बहुत बात की। हमें अपने द्वार तक आने से पहले बाजार से होकर गुजरना था। गाड़ी में से ही गौरी ने अपने किसी परिचित को देख लिया। बच्चों जैसे उल्लसित गौरी जोर-जोर से उस आदमी को पुकारने लगे। गौरी चाहते थे कि वह आदमी उन्हें गाड़ी में बैठे हुए देखे। लेकिन संभवतः गौरी को अहसास नहीं था कि गाड़ी के सारे शीशे बंद हैं और ऐसे में मुश्किल से ही अंदर की आवाज बाहर जा पाती है। गौरी मन मसोस कर रह गए।

थोड़ी ही देर में गौरी हमारे घर के सामने खड़े थे। हमारा घर देखकर गौरी की खुशी का ठिकाना नहीं था। इतने सालों में हमारा घर बदल गया था। हमारे बदले हुए घर को गौरी सगर्व देखने लगे। मैंने गौरी को कुर्सी पर बिठाया। चाय पिलाई। फिर ताजा भुना हुआ चिड़वा खिलाया। अंत में पानी भी पिलाया। गौरी बहुत ही धार्मिक तथा सात्विक प्रवृति के व्यक्ति हैं। खाने-पीने से पहले बर्तन के बारे में पूछते कि मांस-मछली खाने में तो इनका प्रयोग नहीं होता ? मेरे बार-बार ‘नहीं’ कहने पर ही वह आश्वस्त होते। कुछ भी मुँह में लगाने से पहले अपनी कंठीमाला (तुलसीदल की माला) के एक मनके को उससे छुआकर उसे पवित्र करते। फिर थोड़ा-मा अंश धरती माता को समर्पित करते। तब जाकर उसे ग्रहण करते।

कुर्सी पर बैठे गौरी अतीत में चले गए। कहने लगे,
“हम अहां किहाँ पाँच पीढ़ी के सेवा कैले छी। अहां सब के और अहां के बाबूओजी के भी हम गोदी में खेलैले छी।”
(“मैंने आपके यहाँ पाँच पीढ़ियों की सेवा की है। आप सब को और आपके बाबूजी को भी मैंने गोद में खिलाया है।”
गौरी मेरे बाबूजी से चौदह साल बड़े हैं।

वैसे तो गौरी लोहार हैं, पर बढ़ई का काम भी बखूबी करते थे। इसलिए हमारे सभी दरवाजों, खिड़कियों, कुर्सियों, चौकियों और मेजों को निहारने लगे। इनमें से अधिकतर गौरी के ही बनाए हुए थे। गौरी निर्निमेष इन्हें देर तक निहारते रहे। जैसे बहुत दिनों बाद किसी को अपनी ही कृतियों को देखने का अवसर मिले, कुछ वैसा ही भाव गौरी की आँखों में था। गौरी अपनी धंसी हई आँखों से सब कुछ निहारते और बोलते रहे,
“इ सब हमरे बनाएल हय।”
(“यह सब मेरा ही बनाया हुआ है।”

गौरी आज बानवे साल के हैं। उनका शरीर जर्जर को चुका है बिल्कुल कृशकाय। ऊपर के दो ही लंबे दाँत बचे हैं। इसीलिए जब वह बोलते हैं तब बहुत कान लगाकर सुनना पड़ता है। दोनों गाल पिचक गए हैं। बदन पर उनका कुर्ता झुलता रहता है। जब मैंने होश संभाला उस समय गौरी की अवस्था चालीस और पचास के बीच की रही होगी। छह-फुटा इकहरा शरीर, पर गजब की ताकत। लंबी-लंबी बाहें और लंबे-लंबे पैर। गौरी की बाहों में इतना बल था कि एक ही चोट में वह बसूले से लकड़ी को फाड़ देते थे। यह सचमुच लोहार की चोट होती थी। गौरी को बसुला चलाते, आरी चलाते और रंदा चलाते देखना मुझे बहत भाता था और मैं घंटों मगन होकर गौरी को काम करने देखता रहता था। गौरी के हाथों टेढ़ी-मेही लकड़ी सीधी हो जाती और उससे कुछ-न-कुछ बन जाता था। गौरी के हाथों बनती रचना या निर्माण मेरे बाल मन को बांधे रखता था।

मेरे बाबूजी लगातार महीनों गौरी से कोई-न-कोई काम करवाते ही रहते थे। इसलिए गौरी अक्सर हमारे द्वार पर ही दिन बिताते थे। लोहार होने के कारण हल, कुल्हाड़ी, कुदाल जैसे किसानी के सारे औजार बनाना और उनकी धार बनाना गौरी का मुख्य काम था। गौरी इस काम में भी निष्णात थे। गौरी को लोहारी और बढ़ईगिरी का हुनर विरासत में मिला था। मैंने संयोगवश गौरी के पिता को भी देखा था। गौरी जैसा ही लंबा कद और वैसी ही काठी। तब वह अपने जीवन की अंतिम बेला में थे। लेकिन गौरी ने अपने हुनर को और भी विकसित किया था। अनपढ़ गौरी ने अभ्यास से लकड़ी को सीधी रेखा में चीरने के लिए 90 डिग्री का कोण बनाना सीख लिया था। अपने हुनर को धार देने के लिए गौरी अनवरत कोशिश करते रहते। कभी-कभी अन्य गाँवों और शहरों तक नए-नए काम देखने के उद्देश्य में जाते रहते थे। इसीलिए जैसा अभिमान गौरी के व्यक्तित्व में था वैसा ही गुमान उन्हें अपने हुनर का भी था।

गौरी ने अपना हुनर अपने तीनों बेटों को दिया। पर धीरे-धीरे युग बदला। किसानी का स्वरूप भी बदला। ट्रैक्टर, थ्रेशर जैसी मशीनों के आ जाने से हल, कुल्हाड़ी, कदाल का प्रयोग घटने लगा। प्लास्टिक और लोहे के बने-बनाए फर्नीचर ने पारंपरिक फर्नीचर का स्थान लेना शुरू किया। अब गौरी के बेटों को गाँव में काम मिलने की संभावना भी घटने लगी। इसके परिणामस्वरूप गौरी के बेटों ने दिल्ली, पुणे, मुंबई आदि शहरों की ओर रुख किया। अपने लंबे जीवन काल में गौरी ने ठीक-ठाक संपत्ति अर्जित की थी। परंतु उनके बेटों ने अधिक कमाया। कालांतर में तीनों बेटों के पक्के मकान बन गए। अक्सर गाँव से बाहर रहने के कारण गौरी के बेटों का हमारे घर से मालिक और लोहार का रिश्ता नहीं बन पाया। लेकिन गौरी सदा मन-ही-मन अपने मालिक और लोहार के रिश्ते को जीते रहे।

गौरी स्वभाव से बहुत ही स्वाभिमानी रहे हैं। मुझे याद है यदि मेरे बाबूजी का कोई व्यवहार गौरी को पसंद नहीं आता था, तो वह बोल देते थे। तय मजदूरी में किसी तरह की कटौती या भुगतान में विलंब गौरी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं था। गौरी का हृदय एक कलाकार के हृदय जैसा था। जब उन्हें कोई बात चुभ जाती तब बड़ी मुश्किल से ही मानते थे। गौरी का यह स्वाभिमानी स्वभाव आज भी बरकरार है।

गौरी के बूढ़े हो जाने और उनके बेटों के गाँव छोड़कर बाहर जाने के कारण बाबूजी एक दूसरे लोहार – रामदेव पर निर्भर रहने लगे। हमारे घर में रामदेव लोहारी और बढ़ईगिरी के अतिरिक्त विविध प्रकार के काम करने लगा। जैसे-जैसे रामदेव का कार्यक्षेत्र बढ़ता गया वैसे-वैसे बाबूजी की रामदेव पर निर्भरता भी बढ़ती गई। रामदेव सुबह हमारे घर आता और देर रात तक काम से मुक्त नहीं हो पाता था। बाबूजी रामदेव से सिर्फ काम ही नहीं करवाते. बल्कि उससे दुनियाभर की बातें भी करते। दोनों की बातचीत कुछ इस तरह होती कि बाबूजी बोलते रहने और रामदेव सिर्फ ‘हां’ और ‘हूं’ बोलकर उनका साथ देता। इस प्रकार रामदेव बाबूजी का सेवक-सह-सखा हो गया। बाबूजी की मृत्यु तक रामदेव ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई। मृत्यु के बाद भी बाबूजी के दाह-संस्कार मे लेकर श्राद्ध और साल बीतने पर उनकी पहली बरसी तक रामदेव का साथ हमारे परिवार को मिला।

परंतु अपने घर में बुढ़ापे का जीवन जीते गौरी को यह बात बिल्कुल नहीं भाती थी कि आखिर रामदेव ने हमारे घर में गौरी को अपदस्थ कर दिया है। आज हमारे द्वार पर बैठ कर गौरी की यह पीड़ा बाहर आ ही गई। गौरी ने कहा,
“जब मालिक के बरखी के भोज के लेल रामदेव आएल हमरा न्योता देवे तब हम पूछली कि तू के हमरा न्योता देबे वाला ? अगर मालिक के घर के लोग के हम याद होयब त ऊहे हमरा न्योता देतन।”
(“जब मालिक की बरसी के भोज के लिए रामदेव मुझे न्योता देने आया तो मैंने पूछा ‘तुम कौन हो न्योता देने वाले ? यदि मालिक के घरवालों को मैं याद होऊंगा तो वे स्वयं मुझे न्योता देंगे।””)

गौरी की यह बात एक तीर की तरह मेरी छाती में धंस गई। मुझे लगा कि गौरी को स्वयं न्योना न देकर और रामदेव को इस काम के लिए गौरी के पास भेजकर हमने कितनी बड़ी गलती की। एक अपराधी की तरह मैं गौरी की बातें सुनता रहा। मैं किसी भी प्रकार की सफाई देने लायक नहीं था। मैं निर्वाक, निःशब्द बस गौरी को देखता रह गया। गौरी हमारे घर के इतने करीब रहे थे कि उन्होंने मुझसे पूछा भी कि
“रामदेव हमरा बिसय में कोनो बात त न करइअ ?
(“रामदेव मेरे विषय में कोई बात तो नहीं करता ?”)

मेरे “नहीं” में उत्तर देने पर गौरी को संतोष हुआ। गौरी इस उम्र में भी अतीत के अपने पद और अपने स्थान के प्रति इस हद तक संवेदनशील होंगे, मैं सोच भी नहीं सकता था। हमारा स्वभाव है कि जब तक कोई व्यक्ति हमारे काम का है तब तक ही वह हमारी स्मृति में रहता है। इसके विपरीत जो भी वृद्ध हो गया और जिसका योगदान अब अतीत की बात हो गई, हम उसे अपनी स्मृति से निकाल देते हैं।

खिला-पिलाकर मैंने गौरी के गले में एक नया गमछा डाल दिया। गौरी की खुशी देखने लायक थी। मैं भी इतना खुश हुआ कि गौरी से कहा कि
“हम तोहर एगो फोटो लेबे के चाहइछी।”
(“मैं आपकी एक तस्वीर लेना चाहता हूँ।”)
मेरे इतना कहते ही गौरी ने तपाक से पूछा कि
“फोटो लागी खड़ा हो जाउ कि बइठले रह ?”
(“फोटो के लिए खड़ा हो जाऊँ या बैठा ही रहूं।”)

गौरी के इस बाल-सुलभ व्यवहार को देखकर मैं पुलकित हुआ। तस्वीर लेने के बाद मैंने गौरी को गाड़ी में बिठाया और उनके घर के लिए प्रस्थान किया।

गाड़ी चलाते हुए मैं सोचने लगा कि जब से गौरी को अपने घर लाने का निर्णय किया था तब मे मन में एक भाव जग गया था कि गौरी को गाड़ी में बिठाकर अपने घर लाऊँगा और उनका इतना स्वागत सत्कार करूँगा कि उन्हें अभिभूत कर दूँगा और एक तरह में बड़ा बन जाऊँगा। मुझे रह-रहकर अपने बड़प्पन का गुमान भी होने लगा था। लेकिन गौरी द्वारा हमारी एक गलती की ओर इशारा करने से अचानक मुझे लगा कि गौरी के विशाल व्यक्तित्व के सामने मेरा व्यक्तित्व कितना छोटा, कितना बौना है। एक क्षण में ही मेरे बड़प्पन का भाव तिरोहित हो गया। कपूर की तरह उड़ गया। गौरी के लिए कुछ करने की जगह मुझे लगा कि मैंने तो अपने किए का प्रायश्चित्त ही किया है।

गौरी का मेरुदंड सदा तना रहा है। ईश्वर की असीम कृपा है कि आज भी गौरी झुक कर नहीं चलते। गौरी ने कभी किसी से कुछ भी अनधिकार नहीं माँगा। जो कुछ भी लिया साधिकार लिया। ठसक से जीवन जीना उनकी विशेषता रही है।

गौरी के जब घर पहुंचा तो उन्होंने मुझे बैठने के लिए कुर्सी दी। फिर बातचीत होने लगी। गौरी तुरंत उठकर अंदर गए और लौटकर एक लंबी-सी माला ले आए। इस माला के प्रत्येक मनके पर राम नाम अंकित था। गौरी ने भक्तिभाव में ओत-प्रोत होकर बताया कि
“हम रात-दिन राम नाम जपइत रहइ छी। आ इ राम नाम के ही परताप हय कि सब कुछ ठीक ठाक चल रहल हय।”
(“मैं दिन-रात राम नाम जपता रहता हूँ। इस राम नाम का ही प्रताप है कि सब कुछ ठीक ठाक चल रहा है।”)
मेरी निगाह पास ही रखी सिलाई मशीन पर पड़ी। मैंने पूछा, “एकरा कोन चलबइअ?”
(“इसे कौन चलाता है?”
गौरी ने उत्तर दिया,
“हमर पतोह आ पोती। हमर पतोह दिल्ली से मिआइ सीख के आएल हय आ बहुत निम्मन कपड़ा सिअइअ। मगर हम दुन्नू के बता देले छी कि केवल लेडीज कपड़ा सिए के हव। जेंट्स कपड़ा कहियो न सिए के हव।”
(“मेरी बहू और पोती। मेरी बहू दिल्ली से सिलाई सीख कर आई है और बहुत अच्छी सिलाई करती है। लेकिन मैंने दोनों को बता दिया है कि सिर्फ लेडीज कपड़े सिलना। कभी भी जेंट्स कपड़े मत सिलना।”)
इस बात पर और भी बल देते हुए गौरी ने कह,
(हम एकरा दुन्नु के कहियो जेंट्स कपड़ा न सिए देबइ।”)
(“मैं कभी भी इन्हें जेंट्स कपड़े सिलने की अनुमति नहीं दूँगा।”)
मुझे समझते देर नहीं लगी कि गौरी के लिए धन-दौलत से मान-मर्यादा कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।

मैं जब चलने को उठा तो गौरी को संभवतः लगा कि जीवन के इस संध्या काल में जो सपने जैसा सुख मिल रहा था उसका कठोर अंत होनेवाला है। गौरी रोने लगे। उन्हें रोता देखकर मेरा गला भर गया। मैंने बमुश्किल गौरी को ढाढ़स बंधाने के लिए उनके कंधे पर हाथ रख दिए। उसके बाद तो गौरी के आँसुओं का जैसे सोता ही फूट पड़ा। मैं गौरी को आश्वासन देकर कि “तु कोनो चिंता न करिहा आ अगर कोनो बान के जरूरत पडतो त हम जरूर ओकरा पूरा करवो” (“आप किसी भी तरह चिंता नहीं कीजिए और अगर किसी बात की जरूरत हुई तो मैं उसको पूरा करने की भरसक कोशिश करूँगा”) आगे बढ़ा। गौरी की ओर पीछे मुड़कर देखने का साहस मुझमें नहीं था। कुछ देर तक गौरी के सिसकने की आवाज आती रही। मुझे यह भी लगा कि गौरी की बूढ़ी आँखें मुझे ही देख रही हैं। सोचा गौरी को अंदर से लग रहा होगा अब शायद ही हमारी फिर मुलाकात हो! मेरे साथ मेरे एक चाचा का दस साल का नाती यानी मेरा भांजा था। उसका बाल हृदय इस दृश्य को देखकर पिघल गया। उसने कहा, “मामा, मामा, देखिए, ये तो आपके लिए बुरी तरह रो रहे हैं। मैं उसे कुछ ‘भी नहीं कह सका। उसके कंधे पर धीरे मे मैंने अपना एक हाथ रख दिया।

इस समय गौरी के लिए मशहूर शायर बशीर बद का एक लोकप्रिय शेर याद आया :

“उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो
न जाने किस गली में जिंदगी की शाम हो जाए।”

इतने लंबे जीवन को जी लेने के बाद गौरी कभी भी इस दुनिया को अलविदा कह सकते हैं। परंतु जिस स्वाभिमानी गौरी को पीछे छोड़कर मैं जा रहा था उसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। लौटते हुए गाड़ी में अन्यमनस्क-सा बैठा मैं सोचने लगा। न जाने इस दुनिया में कितने ही गौरी होंगे जिनके दिलों में कितनी ही बातों की खलिश जमी होगी और जो इस इंतज़ार में होंगे कि कोई उनके दिलों को सहलाने के लिए आएगा।

गौरी से मिलकर और उनकी बातें याद करके मैं अंदर से हिल जाता हूँ। क्या होगा इतने अभिमानी व्यक्ति का जब वह चलने-फिरने में अक्षम हो जाएगा। जो व्यक्ति अपनी पद-प्रतिष्ठा, मान-मर्यादा, धार्मिकता-नैतिकता को लेकर इतना सजग और एक कलाकार की भाँति संवेदनशील है, उसके लिए थोड़ा-सा भी अपमान, थोड़ी-सी भी उपेक्षा असह्य होगी। और अगर ऐसा हुआ तो वह अपनी मौत से पहले ही मर जाएगा। अनायास मैंने ईश्वर में विनती की कि वह गौरी के मान-सम्मान की रक्षा करे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

साहित्य

मानवीय संवेदनाओं का उद्घोष है स्वच्छंदतावाद

गौरी तिवारी   अच्छा साहित्य मानव जीवन को प्रभावित करता है। जीवन...

साहित्य

लोकचेतना के प्रखर पैरोकार बाबा नागार्जुन

बाबा नागार्जुन की पुण्यतिथि पर विशेष    गौरी तिवारी   बैद्यनाथ मिश्र...

साहित्य

आशा, संवेदना, समाज और जीवन के संगम का काव्य संग्रह

गौरी तिवारी   आज के समय में जब साहित्य भी बाजारवाद, तात्कालिक...

साहित्य

नाटक : परिभाषा और उसके तत्व

• नाटक दृश्य विधा है, यह शब्दकला नहीं अपितु अभिनय की कला...