Wednesday , 11 November 2026
Home साहित्य मानवीय संवेदनाओं का उद्घोष है स्वच्छंदतावाद
साहित्य

मानवीय संवेदनाओं का उद्घोष है स्वच्छंदतावाद

गौरी तिवारी

 

अच्छा साहित्य मानव जीवन को प्रभावित करता है। जीवन की आम गतिविधियों से खाद पानी प्राप्त करता है फिर मानवता को प्रभावित करता है। हिन्दी साहित्य के कई आचार्यों ने उसे विभिन्न रूपों में परिभाषित किया है। किसी ने उसे जनता की चित्तवृत्ति का संचित प्रतिबिंब कहा, किसी ने ज्ञानकोश की संचित राशि तो वहीं किसी ने समाज का दर्पण। साहित्य की यह परिभाषा सिर्फ हिन्दी साहित्य जगत तक ही नहीं अपितु पाश्चात्य साहित्य को भी परिलक्षित करती है। चाहे काल कोई भी रहा हो, देश कोई भी हो किंतु साहित्य समयानुकूल परिवर्तित होता रहा है, उसे चेतना का कलात्मक प्रतिबिंब भी कहा जा सकता है, जो कि लोगों में अभिव्यक्ति का साहस प्रदान करता रहा है। जिस प्रकार हिन्दी साहित्य में 19वीं शताब्दी की रचनाओं में रीतिकालीन रीतिबद्ध शास्त्रीय रचनाओं की परिपाटी तोड़ते हुए नई लेखन शैली उभर कर आई ठीक वैसे ही किंतु हिंदी साहित्य के आधुनिक काल के बहुत पूर्व पाश्चात्य जगत में साहित्य की इस क्रांति तो देखा जा सकता है। अंग्रेजी साहित्य में शास्त्रीय नियमबद्धता के विरुद्ध सुगबुगाहट 18वीं सदी के मध्य से ही होने लगी थी किंतु काव्य के क्षेत्र में शास्त्रीयता के विरुद्ध स्वच्छंदतावाद के रूप में स्पष्ट विरोध सबसे पहले सन् 1798 में ‘लिरिकल बैलेड्स’ के प्रकाशन के के साथ सामने आया। युवा रोमांटिक कवियों-विलियम वईस्वर्य तथा सैमुअल टेलर कॉलरिज के इस संयुक्त संग्रह की कविताओं का मिजाज़ बिल्कुल नया था। हालाँकि दोनों कवियों की कविताओं की विषयवस्तु, शैली तथा विचारधारा में स्पष्ट अंतर था, किंतु दोनों ने ही जड़, गंभीर, रीतिबद्ध, शास्त्रीयता के घेरे से निकलकर एक नये क्षेत्र का संधान किया जिसमें लौकिक आदर्श और शास्त्र की नियमावली नहीं कवि के अपने विचार, अपनी अनुभूतियाँ सर्वोपरि होती हैं।

विलियम वर्ड्सवर्थ ने 20 वर्ष की उम्र में फ्रांस, इटली आदि की पदयात्रा की। इस यात्रा का उनके मन पर गहरा प्रभाव पड़ा और उसी दौरान 1795 में उनकी मुलाकात सैमुअल टेलर कोलरिज से हुई जो बाद में मित्रता और आत्मीयता में परिवर्तित हो गई। पारस्परिक विचार-विमर्श के परिणामस्वरूप दोनों ने कुछ सामान्य मान्यताओं को सामने रखकर काव्य रचना की योजना बनाई। लिरिकल वैलेड्स के नाम से उन कविताओं का प्रथम संस्करण 1798 में प्रकाशित हुआ। इस संस्करण की संक्षिप्त भूमिका ‘एडवर्टाइजमेंट’ शीर्षक से विलियम वर्डस्वर्थ ने लिखी। लिरिकल बैलेड्‌स के प्रकाशन ने तत्कालीन काव्य जगत में हलचल मचा दी क्योंकि इसने काव्य प्रस्थानों से अलग हटकर नवीन मान्यताओं की स्थापना की। इस संग्रह के काव्य, विषय और काव्यभाषा दोनो पर नवअभिजात्यवादी आलोचकों ने निर्मम आक्रमण किया। 1800 में जब लिरिकल बैलेड्स का दूसरा संस्करण प्रकाशित हुआ तो वर्ड्सवर्थ ने लंबी भूमिका लिखी जिसमें लिरिकल बैलेड्स पर आलोचकों द्वारा किए गए आक्षेपों के उत्तर थे। यह भूमिका कई दृष्टियों में महत्वपूर्ण भी है क्योंकि इससे उस समय की उस मानसिक बनावट का परिचय मिलता है जिससे स्वच्छंदतावादी साहित्यिक प्रवृत्ति का जन्म हुआ, इसे स्वच्छंदतावाद का घोषणापत्र भी कहा जाता है इसके अलावा इसमें कविता के स्वरूप, काव्यभाषा, कवि-कर्म, छंद की उपयोगिता आदि पर जो विचार सामने रखे गए थे, वे प्रचलित धारा से इतने अलग और क्रांतिकारी थे कि उन पर लंबे समय तक चर्चा होती रही और आज भी काव्य-सिद्धांतों के संदर्भ में उनकी चर्चा जरूरी समझी जाती है।
जिस तरह किसी भी साहित्यिक आंदोलन का उदय आकस्मिक नहीं होता, उसके पीछे तत्कालीन सामाजिक, राजनीतिक और बौद्धिक परिस्थितियों की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है ठीक उसी तरह स्वच्छंदतावाद का विकास भी अठारहवीं शताब्दी के यूरोप में हुए निम्नलिखित व्यापक परिवर्तनों के परिणामस्वरूप हुआ-
(क) नवशास्त्रवाद के विरुद्ध प्रतिक्रिया
(ख) फ्रांसीसी क्रांति का प्रभाव
(ग) औद्योगिक क्रांति और प्रकृति का प्रश्न
(घ) प्रबोधनकालीन बुद्धिवाद के प्रति असहमति
शहर की जटिलताओं से दूर ग्रामीण आंचल ऑन में मनुष्य की भावनाएं प्रकृति के सुंदर और स्थाई रूपों में पोषित और सहज संप्रेषित होती हैं। वईस्वर्थ भी प्रकृति के अनन्य प्रेमी थे और लगभग पूरा जीवन उन्होंने शहरी भीड़भाड़ से दूर प्रकृति की गोद में ही बिताया था। धन-वैभव, सामाजिक उच्च-नीच के भेदभाव और सामाजिक प्रतिष्ठा के दंभ से मुक्त ग्रामीण परिवेश को उन्होंने फ्रांसीसी जनक्रांति के आदर्शों, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सजीव उदाहरण के रूप में देखा। इंग्लैंड के विभिन्न क्षेत्रों तथा अनेक यूरोपीय देशों की उन्होंने बार-बार यात्राएँ कीं और अन्य रोमांटिक कवियों की भाँति उनके विचारों पर भी फ्रांसीसी राज्य क्रांति का गहरा प्रभाव पड़ा, यहाँ तक कि फ्रांस की बदलती समाज-व्यवस्था में हिस्सेदारी के लिए अपने कई अन्य उत्साही देशवासियों की तरह वे भी वहाँ जाकर काफी समय तक रहे। इस दौर में उन्हें कुछ ऐसे कटु अनुभव भी हुए जिन्होंने उनके विचारों और प्रकृति को गहराई से प्रभावित किया। मध्ययुगीन संस्कृति और साहित्य का रक्षक और पोषक वर्ग इंग्लैंड की औद्योगिक क्रांति और फ्रांसीसी राज्य क्रांति-दोनों का विरोधी था। इस विरोध में चर्च के पादरी तथा समाज का तथाकथित भद्र और कुलीन वर्ग-दोनों शामिल थे। वर्डस्वर्थ ने इन दोनों घटनाओं का मुक्त कंठ से स्वागत करते हुए घोषणा की कि इस युग में जन्म लेना सौभाग्य है और युवा होना साक्षात् आनंद है। ऐसा कहते हुए वे केवल एक राजनीतिक घटना का नहीं बल्कि एक युग के अंत के साथ एक नये युग के आरंभ का स्वागत कर रहे थे। एक ऐसा युग जिसे सामंती मूल्यों थे के विरुद्ध विराट विद्रोह के रूप में देखा गया। जिसमें सामंतवादी व्यवस्था चरमरा कर गिर गई थी और जनता की भागीदारी की शुरुआत हो चली थी, यही युग था स्वच्छंतवाद का। पाश्चात्य साहित्य चिंतन में रोमांटिसिज्म अर्थात स्वच्छंदतावाद को प्रायः क्लासिज़्म अथवा अभिजात्यवाद की विरोधी प्रवृ‌त्ति के रूप में देखा जाता है। अभिजात्यवाद में जहाँ साहित्य के लिए वस्तुपरक शास्त्रीय नियमों का अनुशासन आवश्यक माना जाता है, वहाँ स्वच्छंदतावाद आत्मपरकता के साथ रचनाकार की स्वतंत्रता के अधिकार की बात करता है। अंग्रेजी साहित्य में रोमांटिसिज़्म शब्द का प्रयोग 18वीं शताब्दी के अंत में उभरी एक विशिष्ट प्रवृत्ति के लिए हुआ जो मुख्य रूप से कविता के क्षेत्र में प्रतिफलित हुई जिसने साहित्य तथा कला के अन्य क्षेत्रों पर भी गहरा प्रभाव छोड़ा। 18वीं शताब्दी में प्रयोग तथा क्षेत्र दोनों दृष्टियों से इस इस शब्द का विस्तार हो गया। फ्रांस में उच्चवर्गीय अन्याय एवं शोषण के खिलाफ स्वतंत्र भावाना से प्रेरित जो जन आंदोलन हुआ, रोमांस का संबंध उस भावना से भी जोड़ा जाता है। इस अर्थ में वह व्यक्ति या स्थिति विशेष के स्थान पर पूरी मानवता की स्वतंत्र चेतना से जुड़ गया।
विलियम वर्ड्सवर्थ ने कविता की परिभाषा देते हुए लिखा है – “कविता प्रबल मनोवेगों का सहज उच्छलन है।” यह परिभाषा स्वच्छंदतावादी काव्यचिंतन की केंद्रीय स्थापना के रूप में उभरी। उनके अनुसार कविता का मूल स्रोत मनुष्य की भावनाएँ हैं तथा कविता का जन्म अनुभूति और चिंतन के समन्वय से होता है। वर्ड्सवर्थ के अनुसार कविता की रचना केवल तत्काल उत्पन्न भावनाओं के आधार पर नहीं होती। कवि पहले किसी घटना अथवा दृश्य का प्रत्यक्ष अनुभव करता है। वह अनुभव उसकी स्मृति में सुरक्षित हो जाता है। बाद में जब कवि एकांत और मानसिक शांति की अवस्था में उस अनुभव का स्मरण करता है, तब उससे संबंधित भावनाएँ पुनः जागृत होती हैं। उन्होंने काव्य-विषय के संबंध में एक क्रांतिकारी परिवर्तन प्रस्तुत करते हुए मत दिया कि कविता के लिए असाधारण घटनाओं अथवा महान व्यक्तियों का जीवन ही आवश्यक नहीं है। सामान्य मनुष्य का जीवन भी गहन काव्यात्मक संभावनाओं से युक्त है।
वर्ड्सवर्थ ने काव्यभाषा के संबंध में प्रचलित धारणाओं का विरोध किया। उनके समय में कविता की भाषा प्रायः कृत्रिम, अलंकारिक और अभिजात्य शैली से प्रभावित थी। उसमें सामान्य बोलचाल से भिन्न एक विशेष प्रकार की काव्यात्मक शब्दावली का प्रयोग किया जाता था। उन्होंने इस कृत्रिमता को अस्वीकार करते हुए सामान्य मनुष्यों द्वारा प्रयुक्त भाषा को कविता का आधार बनाने पर बल दिया। विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश में प्रयुक्त भाषा उन्हें अधिक सहज और भावनात्मक रूप से प्रभावशाली प्रतीत होती थी। उनका मानना था कि सामान्य जीवन की भाषा में मानवीय भावनाओं की स्वाभाविक अभिव्यक्ति संभव है। कविता की भाषा को कृत्रिम अलंकरणों से बोझिल बनाने के स्थान पर भावों के अनुरूप सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली होना चाहिए। विलियम वर्ड्सवर्थ के काव्य-सिद्धांत के कुछ महत्वपूर्ण बिंदु निम्नलिखित हैं –
• कविता प्रयोग है।
• कविता का जन्म प्रबल अनुभूति से होता है।
• इसमें मनुष्यों की वास्तविक भाषा अर्थात् बोलचाल की भाषा का प्रयोग होना चाहिए ।
• कविता छंदबद्ध होती है।
• यह आनंद प्रदान करती है।
यदि कुल मिलाकर देखा जाए तो पाश्चात्य काव्यशास्त्र के इतिहास में स्वच्छंदतावाद का उदय साहित्यिक चेतना के एक महत्त्वपूर्ण परिवर्तन का परिचायक है। इस आंदोलन ने कविता को परंपरागत नियमबद्धता, कृत्रिम अभिव्यक्ति और अभिजात्य विषयवस्तु की सीमाओं से मुक्त करके उसे व्यापक मानवीय जीवन से जोड़ा। इसने यह स्थापित किया कि साहित्य का वास्तविक स्रोत मनुष्य की संवेदनशीलता, कल्पनाशक्ति और स्वतंत्र चेतना में निहित है। विलियम वर्ड्सवर्थ ने इस साहित्यिक आंदोलन को एक सुसंगत वैचारिक एवं सैद्धांतिक आधार प्रदान किया। लिरिकल बैलेड्स की भूमिका में प्रतिपादित उनके विचारों ने कविता की परिभाषा, काव्यभाषा, विषयवस्तु और सृजन-प्रक्रिया के संबंध में नई दृष्टि विकसित की। उन्होंने कविता को प्रबल मनोवेगों का सहज उच्छलन मानते हुए स्मृति और चिंतन को उसकी रचनात्मक प्रक्रिया का अभिन्न अंग स्वीकार किया। सामान्य मनुष्य के जीवन को काव्य का विषय बनाकर उन्होंने साहित्य की सामाजिक एवं मानवीय संवेदना का विस्तार किया। वर्ड्सवर्थ की प्रकृति-दृष्टि भी उनके काव्यचिंतन का महत्त्वपूर्ण पक्ष है। उन्होंने प्रकृति को केवल बाहरी सौंदर्य के रूप में नहीं, बल्कि मनुष्य की आत्मा और नैतिक चेतना को विकसित करने वाली शक्ति के रूप में देखा। उनके लिए प्रकृति के साथ मनुष्य का संबंध उपयोगिता का नहीं, बल्कि आत्मीयता और सह-अस्तित्व का संबंध है। इसलिए यह कहना गलत नहीं होगा कि स्वच्छंदतावाद केवल एक ऐतिहासिक साहित्यिक आंदोलन नहीं, बल्कि साहित्य में स्वतंत्रता, मौलिकता और मानवीय संवेदना की प्रतिष्ठा का उद्घोष है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

साहित्य

लोकचेतना के प्रखर पैरोकार बाबा नागार्जुन

बाबा नागार्जुन की पुण्यतिथि पर विशेष    गौरी तिवारी   बैद्यनाथ मिश्र...

साहित्य

गौरी (कहानी)

डॉ. शैलेन्द्र कुमार   चैत्र मास समाप्ति की ओर है। यद्यपि दोपहर...

साहित्य

आशा, संवेदना, समाज और जीवन के संगम का काव्य संग्रह

गौरी तिवारी   आज के समय में जब साहित्य भी बाजारवाद, तात्कालिक...

साहित्य

नाटक : परिभाषा और उसके तत्व

• नाटक दृश्य विधा है, यह शब्दकला नहीं अपितु अभिनय की कला...