बाबा नागार्जुन की पुण्यतिथि पर विशेष
गौरी तिवारी
बैद्यनाथ मिश्र अथवा यात्री या इससे भी अधिक लोकप्रिय नाम बाबा, हिन्दी और मैथिली साहित्य के क्षेत्र में बहुत प्रसिद्ध है। नागार्जुन को ही बाबा के नाम से जाना जाता है। आप केवल बाबा कह दीजिए, लोग समझ जायेंगे कि बात नागार्जुन की ही हो रही है। हिन्दी साहित्य में नागार्जुन के अलावा सिर्फ एक ही व्यक्ति को बाबा कहा जाता है और वो है तुलसीदास। हिन्दी की प्रगतिशील कविता में जितने लोकप्रिय बाबा नागार्जुन है, उतना कोई नही। यह बात बेहिचक कही जानी चाहिए।
नागार्जुन हिन्दी कविता के प्रगतिवादी युग के प्रखरतम कवि के रूप में जाने जाते है। वे हिन्दी कविता धारा के उन प्रमुख स्तंभों में है, जिन्होंने कविता को न सिर्फ रचा, बल्कि उसको जिया भी। हिन्दी साहित्य में उनका प्रवेश एक ऐसे क्रांतिकारी कवि के रूप में होता है जो सच्चे अर्थों में लोक चेतना का प्रतिनिधित्व करता है। नागार्जुन अपने साहित्य और जीवन दोनों में पीड़ित जन और लोक चेतना के पक्षधर रहे है। उनकी कविताएं लोक से निकलकर आती है और लोकभाषा में लोक तक पहुंचती है। वे कोरे लेखक ही नहीं थे। जन आंदोलनों में भाग लेकर जेल यात्राएं भी की थी।
नागार्जुन का हिन्दी साहित्य में पदार्पण एक ऐसे कालखंड में हुआ, जिसमें राजनीतिक उथल-पुथल के साथ-साथ समाज, अब भी पुरानी रूढ़ियों में जकड़ा हुआ था। एक ओर अंग्रेजों का दमन निरंतर बढ़ रहा था दूसरी ओर समाज में व्याप्त बुराईयां जैसे बाल विवाह, पर्दा प्रथा, अशिक्षा, विधवा समस्या आदि के कारण स्त्रियों की दशा चिंताजनक थी । धार्मिक पाखंड और अंधविश्वास का बोलबाला था। आजादी के बाद भी स्थितियों में तनिक भी परिर्वतन नहीं आया था। राजनीतिक गतिविधि और अधिक भ्रष्ट हो गयी थी। ऐसे में नागार्जुन जैसा संवेदनशील साहित्यकार इन स्थितियों से कैसे अछूता रह सकता था। वे स्वयं एक गरीब निम्न मध्यवर्गीय परिवार में पैदा हुए थे और अपने चारों ओर गरीबी, अपमान, दैन्य, विषमता में तड़पते, दम तोड़ते किसानों, मजदूरों को देखा था, अतः अमन और शांति की कविता उनके लोक से दूर थी। वे लिखते है-
कैसे लिखूं शांति की कविता
अमन चैन को कैसे कड़ियों में बांधू।
मैं दरिद्र हूं, पुश्त दर पुश्त की यह दरिद्रता
कटहल के छिलके जैसी खुरदरी है
जीभ से मेरा लहू चाटती आयी
मै न अकेला
मुझ जैसे तो लाख लाख है, कोटि कोटि है।
हालांकि नागार्जुन ने कई एक राग-बोध की कविताएं भी लिखी, पर शोषण और अन्याय के खिलाफ विद्रोह और आमजन की पक्षधरता उनके काव्य का मूल भाव है। उन्होंने इतनी तीखी कविताएं लिखी कि व्यंग्य कहीं-कहीं अति तीक्ष्ण बनकर सारी सीमाओं के पार तक चला जाता है। अब चारों तरफ विसंगतियां हों, वर्ग भेद, वर्ग द्वेष, वर्ग संघर्ष अपने चरम पर हो, ऐसे में लोक कवि की कविताएं भला कैसे साम्भ्रांत संस्कारों से आच्छादित हो सकती है। उनकी कविता की भूमि ठोस खुरदरी है, जो उनकी ठेठ आंखिन देखी की उपज है, इसीलिए उनका अतिक्रमण अखड़ता नहीं, बल्कि तैयार करता है। बिना किसी भय के बेवाक शब्दों में अपनी बात रखने के कारण उनकी शख्सियत और गाम्भीर्य प्राप्त कर लेती है।
नागार्जुन के साहित्य को हम मोटे तौर पर चार भागों में बांटकर देख सकते है। पहला राग बोध, प्रकृति प्रेम, दूसरा-देश, राष्ट्र और राष्ट्र प्रेम, तीसरा-यथार्थपरक और चौथा-व्यंग्य प्रधान। नागार्जुन मूलतः प्रतिष्ठित कवि है, पर उनके उपन्यासों में भी लोकजीवन की समस्याओं को जगह मिली है। रतिनाथ की चाची और बाबा वटेसरनाथ इसके उदाहरण है। नागार्जुन हिन्दी के साथ-साथ मैथिली में भी साहित्य साधना करते रहे। उनका दोनों पर बराबर अधिकार था।
नागार्जुन विद्वान कवि है। वे संस्कृति और परंपरा के विद्वान है। संस्कृत, पाली, प्राकृत और अपभ्रंश सबको वो जानते है। इस ज्ञान से परंपरा का रचनात्मक दोहन करना नागार्जुन के अलावा अन्यत्र नहीं दिखता है। देश में कवियों की कमी नहीं है, लेकिन जब इन कवियों को कोई नई बात कहनी हो तो वे पश्चिम की ओर देखते है या यथार्थ को अपने आस-पास ही देख लेते है, लेकिन नागार्जुन अपना विम्ब लोक जीवन से लते है। फिर वे नए फार्म में भी कविता रच देते है। नागार्जुन पंडितों के खिलाफ थे, लेकिन वे उनके द्वारा पढ़े जाने वाले मंत्र, जैसी कविता रचते है।
ऊं काली काली काली महाकाली महाकाली।
ऊं मार मार मार वार न जाए खाली।
तरह घर फूंककर तमाशा देखने वालों में नागार्जुन का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है। विश्वनाथ त्रिपाठी का मानना है कि नागार्जुन ने जिंदगी की किताब को अच्छी तरह पढ़ा है इसीलिए उनकी रचनाएं आंखिन की देखी है।
नागार्जुन की काव्य साधना का मुख्य आधार किसान तथा मजदूर है। उनकी अधिकांश कविताएं भारत के निम्न मध् यवर्गीय श्रमिक किसान के जीवन को चित्रित करती है। उन्होंने साधारण, उपेक्षित तथा असहाय जीवन बिताने वालों का बखूबी चित्रण किया है। उनकी कविताओं में सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विषमता को लेकर जनवादी चेतना का सांगोपांग दृश्य उपस्थित है। इस तरह समाज में व्याप्त सामाजिक विषमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने ढोंग आडंबर का डटकर विरोध किया है। नागार्जुन सच्चे अर्थों में आम जनता के साथ समाज में व्याप्त सामान्य मेहनतकश मजदूरों की विपन्नता का सजीव चित्रण अपनी कविता में करते है। सामाजिक एवं राजनीतिक विषमता के प्रति विद्रोह की भावना उनकी जनवादी कविता का स्वर रहा है। जैसी बात विद्यमान है उसी रूप में उसे सपाट कह देने का साहस रहा है। जैसे झूठी राजनीति, सामाजिक पाखंड, भ्रष्टाचार, सत्ता लोलुपता आदि के प्रति उनका कवि मन विद्रोह करता है।
दिल ने कहा दलित मांओं के, सब बच्चे प्रब बागी होंगे।अग्निपुत्र होंगे वे, अंतिम विप्लव में सहभागी होंगे।
कवि मूलतः मार्क्सवादी होकर भी श्रम और शांति की अभिलाषा को व्यक्त करता है। वे एक तरफ मार्क्सवादी समानता के पक्षधर रहे है तो दूसरी तरफ दलित, शोषित, पीड़ित व्यक्तियों पर हो रहे अत्याचार को भी व्यक्त करते है, विद्राहे करने की बात करते है। उनके साहित्य का लक्ष्य व्यापक है। वे समाज में परिवर्तन लाना चाहते है। विश्व मानववाद वसुधैव कुटुम्बकम का महान जीवन दर्शन उनके पास है। साहित्य के जरिये नागार्जुन ने जगत की वास्तविकता को सामने लाने की सफल कोशिश की है। उन्होंने एक नयी चेतना का आलोक दिखाया है। सदियों से पीढ़ी दर पीढ़ी शोषण प्रताड़ित होते आए हुए वर्ग की आवाज बनकर खड़े होने का साहस दिखाया है नागार्जुन ने। ऊपर से लेकर नीचे तक समाज का कोई भी विषय नागार्जुन से अछूता नहीं बचा है। जाति-पात, धार्मिक कट्टरता, छूआछूत, आर्थिक तंगी, मंहगाई, घर गृहस्थी, ग्रामीण और शहरी जीवन, भ्रष्टाचार आदि की एक लंबी सूची बनेगी, जिस पर नागार्जुन ने छोटी-बड़ी रचना अवश्य की है। उनकी रचनाओं के एक-एक पात्र से उनका आत्मीय रिश्ता झलकता है। वह अपने पात्रों के दुख से दुखी होते है, उन्हें कष्ट पहुंचाने वालों को खुली चुनौती देते है।
नागार्जुन ने प्रगतिशील साहित्य की विषय वस्तु और वर्णनशैली को एक अनोखा तथा आकर्षक स्वरूप दिया है। उन्होंने पौराणिक आख्यान और पात्रों से लेकर खेत खलिहान, नदी, पहाड़ से निखार कर कविता को जनप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी कविता स्थान विशेष की कविता न होकर पूरे हिन्दी प्रांत की, पूरे देश की कविता है। यात्री नाम से लिखी मैथिली कविता के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार भी दिया गया।
हिन्दी साहित्य में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। लोकजीवन को सरस बनाने के लिए उनसे जो कुछ भी हो सकता था, उन्होंने आगे बढ़कर किया।
साहित्य जगत में रूप और शिल्प को लेकर नागार्जुन के बारे में खूब चर्चा होती है, आगे भी होगी। लेकिन मेरा मानना है कि रूप और शिल्प के स्तर पर भी नागार्जुन की कविता चकित करती है। उनकी ऐसी चकित करने वाली एक कविता है ‘अकाल के बाद’ ।
कई दिनों तक चूल्हा रोया चक्की रही उदास
कई दिनों तक कानी कुतिया सोई उसके पास
कई दिनों तक लगी भीत पर छिपकलियों की गश्त
कई दिनों तक चूहों की भी हालत रही शिकस्त
दाने आए घर के अंदर कई दिनों के बाद
धुआं उठा आंगन के ऊपर कई दिनों के बाद
चमक उठी घर भर की आंखे कई दिनों के बाद
कौए ने खुजलाई पांखे कई दिनों के बाद ।।
यह सिर्फ नई जनवादी प्रगतिशील कविता नही है, यह जनवादी प्रगतिशील कविता का क्लासिक है। क्योंकि जनवाद और प्रगतिशीलता सिर्फ संवेदनाएं नहीं है, वो शिल्प भी है और रूप भी है। जिसने किसी भूखे आदमी को अन्न पाना देखा है, जिसने आंखों की चमक देखी है, वह समझ सकता है। गरीबी के छोटे-छोटे सुख होते है और यही छोटा सुख उसका बड़ा सुख भी होता है। जिससे उसकी आंखों में चकम आती है। जो इस छोटे सुख को पहचानता है, वहीं बड़ा कवि है।
नागार्जुन गरीब के छोटे सुख और उसकी आंखों की चमक को पहचानते थे, इसलिए वे एक बहुत बड़े कवि थे।
नयी कविता लगभग गद्य हो गयी है, लेकिन नागार्जुन एक ऐसे कवि है जो छंद नहीं छोड़ते। नागार्जुन का ये जादू है कि वे पारंपरिक छंदों का प्रयोग करते हुए भी कुछ ऐसा लिखते है कि कोई यह नहीं कह सकता कि यह आधुनिक कविता नहीं है। अब दोहे को ही लीजिए। कालीदास ने भी दोहे लिखे है। इस क्रम में नागार्जुन का यह दोहा-
खड़ी हो गयी चांपकर, कंकालों की हूक
नभ में विपुल विराट सी, शासन की बंदूक
जली ढूंढ पर बैठकर, गयी कोकिला कूक
बाल न बांका कर सकी, शासन की बंदूक ।।
क्या अद्भुत विम्ब है इस कविता में। शासन के आतंक के लिए ऐसा विम्ब मैंने कही और नहीं पढ़ा। नागार्जुन का कौशल है कि दोहे में विम्ब खड़ा कर सकते है। संगीनों के जंगल पर मुक्ति बोध ने भी लिखा है, लेकिन बंदूक का नभ में विपुल विराट होने जैसा विम्ब कहीं नहीं मिलता।
विम्ब ही नहीं, व्यंग्य के भी बेजोड़ रचनाकार है नागार्जुन। जितनी व्यंग्य रचनाएं नागार्जुन ने हिन्दी साहित्य को दी है, उतनी शायद ही किसी अन्य रचनाकार ने दी हो। कोई ऐसा वर्ग नहीं जो उनके व्यंग्य से बचा हो। भ्रष्ट नौकरशाही, स्वार्थी नेता, सुदखोर, मुनाफाखोर, छापावाही कवि, कामचोर, भिखारी, फैशन, विलासिता आदि सभी को नंगा करता है उनका व्यंग्य। बाबा का व्यंग्य उधड़ा हुआ व्यंग्य है जो लक्ष्य को चीरता हुआ छीलता हुआ निकल जाता है। वे लपेटकर कोई बात नहीं कहते। बिल्कुल बेवाक और बेलौस ।
गांधी जी की मृत्यु के बाद नेताओं की सत्ता व धन लोलुपता के कारण हुए राजनीतिक पतन पर बाबा कहते है-
रामराज्य में अबकी रावण नंगा होकर नाचा है
सूरत शक्ल वहीं है भइया बदला केवल ढांचा है
लाज शर्म कह गयी न बाकी गांधी जी के चेलों में
फूल नहीं लाढ़ियां बरसती रामराज्य की जेलों में।
खिचड़ी विप्लव देखा हमने, संकलन अपने दौर की राजनीति के पतन का ज्वलंत दस्तावेज है। इसमें सभी राजनेताओं को कठघरे में खड़ा किया है। नागार्जुन में सत्ता से डर नाम की कोई चीज थी ही नहीं। इमरजेंसी के दौर में जिस तरह इंदिरागांधी पर तीखी कविताएं लिखी, वो एक क्रांतिकारी कवि ही कर सकता है। इंदिरा गांधी के हिटलरी रूप की तुलना वे बाघिन से करते है तथा पकड़कर चिड़ियाघर में बंद करने का आह्वान भी करते है।
पकड़ो पकड़ो अपना ही मुंह आप न नोचे
पगलायी है जाने अगले क्षण क्या सोचे?
इस वाघिन को रखेंगे हम चिड़ियाघर में
ऐसा जंतु मिलेगा भी क्या त्रिभुवन भर में।
या
इन्दू जी इन्दू जी क्या हुआ आपको
सत्ता की मस्ती में भूल गयी बाप को
बेटे को तार दिया बोर दिया बाप को
क्या हुआ आपको? क्या हुआ आपको?
मुरारजी देसाई के लिए ‘भले भाई मोरार जी’ कविता में-
हाय तुम्हारे बिना लगेगा सुना यह संसार जी
गिरवी कौन रखेगा हमको सात समंदर पार जी।
चुनावी टिकटों की घुड़ दौड़ पर नागार्जुन लिखते है-
श्वेत श्याम रतनार अखिया निहार के
सिंडीकेटी प्रभुओं की पगधूर झार के
दिल्ली से लौटे है कल टिकट मार के
खिले है दांत ज्यो दाने अनार के
आए दिन बहार के।
नागार्जुन के साहित्य संसार में उनकी लेखनी का जोर सभी विद्याओं तथा विषयों पर निरंतर दिखाई देता है, किंतु उनकी पूरी रचना धार्मिता में सार्वाधिक आकर्षण उनकी साफ गाईपव का है। बिना लाग लपेट के वह लिखने की जुर्रत करते है। डॉ. नामबर सिंह ने नागार्जुन की कविता को मूल्य निर्णय की कविता कहा है।
आज यानी 5 नवंबर को बाबा नागार्जुन को जिन्हें हिंदी साहित्य में आधुनिक कबीर भी कहा जाता है, उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन करते हैं।
Leave a comment