भारतीय संस्कृति ने जीवन को जिन उदात्त मूल्यों और दृष्टियों से आलोकित किया है, उनमें पर्व या उत्सव सिर्फ मनोरंजन और मस्ती के माध्यम मात्र नहीं हैं, अपितु वे मनुष्य की चेतना को उन्नत करने, प्रकृति के साथ तादात्म्य स्थापित करने और स्वयं को बेहतर बनाने के साधन हैं। भारतीय समाज अपने विभिन्न पर्व और त्यौहारों को लेकर हमेशा से जागरूक रहा है। जीवन की आपाधापी के बीच ये पर्व हमें सुख, सुकून और संतोष प्रदान करते रहे हैं। यूं तो विविधता से भरे हमारे देश में मनाए जाने वाले त्योहारों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन होली और दीवाली दो ऐसे त्योहार है जिसे लेकर एक अलग किस्म का क्रेज रहता है। होली का त्यौहार फसल तैयार होने की खुशी में आयोजित होता है तो दिवाली का पर्व खरीफ की फसल के घर आने तथा वर्षा ऋतु के बीतने के बाद खेतों को साफ सुथरा कर रबी की तैयारी के अवसर पर होता है। दीयों के त्यौहार ‘दीपावली’ की तैयारी घरों में पहले से ही शुरू हो जाती है। घर की सफाई करना, पुरानी वस्तुएं बदलकर उन्हें सुव्यवस्थित करना तथा दीपों की रोशनी से अंधेरे को मिटाने का प्रयास मन में चेतना की लौ जगाता है। किंतु समकालीन समय का यथार्थ एक अत्यंत विडंबनापूर्ण दृश्य प्रस्तुत करता है। आज हमने इस पावन उत्सव के आध्यात्मिक, दार्शनिक और पर्यावरणीय मर्म को पूरी तरह विस्मृत कर दिया है और इसे अर्थहीन प्रदर्शन और आत्मघाती प्रदूषण में तब्दील कर दिया है। वैदिक काल से लेकर वर्तमान समय तक, दीप सिर्फ प्रकाश का साधन नहीं रहा, बल्कि वह अज्ञान, मोह और अंधकार के विरुद्ध ज्ञान और विवेक की सतत चेतना का प्रतीक रहा है। विद्यालयों में विद्यार्थियों की डायरी पर लिखी पंक्ति “तमसो मा ज्योतिर्गमय” जिसका अर्थ है अंधकार से प्रकाश (ज्ञान) की ओर ले चलना, कहीं न कहीं दीपावली की मूल आत्मा को दर्शाती है। किंतु आज भूमंडलीकरण और बाजारवाद की आंधी में हमने इस उदात्त पर्व के मूल स्वरूप को विरूपित कर दिया है। आज दीपावली ज्ञान और संयम का उत्सव न रहकर क्रय शक्ति के प्रदर्शन का माध्यम बन चुकी है। बाजार ने हमारी सांस्कृतिक संवेदनाओं को इस प्रकार नष्ट कर लिया है कि अब पर्वों की सार्थकता इस बात से तय होने लगी है कि हमने कितने महंगे उपहारों का आदान-प्रदान किया, कितने बड़े पैमाने पर भव्य आतिशबाजी की और अपनी विलासिता का कितना प्रदर्शन किया। बीते कल ही दीपावली के अवसर पर लोगों के घरों में रंग बिरंगी रोशनी वाली लड़ियां चमकती हुई दिखी, शहर में प्रदूषण के सबसे बड़े कारण, पटाखों पर प्रतिबंध के बावजूद रात देर तक पटाखों का शोर सुनाई दिया, यही नहीं बल्कि आज सुबह भी आलू बम जैसे पटाखों के धमाकों से हुई।
बचपन में जब भी दीपावली पर निबंध लिखना होता तो सबसे पहले जो याद आता वह था, बुराई पर अच्छाई की जीत प्राप्त कर भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्षमण का अयोध्या वापस आना, अयोध्यावासियों के मन का अटूट विश्वास और श्रीराम के लौटने की खुशी में उनका दिये जलाना और यह संदेश कि चाहे कितनी भी विषम परिस्थितियां क्यों न हों किंतु मन में सदैव सकारात्मकता तथा आशा की लौ जगमगानी चाहिए। घर की दीवारों पर सफेदी, तरह तरह के पकवान मिठाइयों की मिठास, रंगोली और आंगन में कतार से रखे उन छोटे छोटे दीयों की टिमटिमाती रोशनी का बिंब अपने आप मन में खिंच जाता था। इसका एक कारण यह भी है कि उस समय दीपावली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि अपनों के करीब आने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता जताने का एक जरिया हुआ करती थी। तब अमावस्या की रात में घर सिर्फ दीपों के उजाले से जगमगाते थे। किंतु अब तथाकथित आधुनिकता के नाम पर दीपावली के अवसर पर धन का अपव्यय होता है, जो कि अत्यंत चिंताजनक है। यह पूंजी का विनाशकारी व्यय है, जो समाज की आर्थिक विषमता को और अधिक गहरा करता है। एक ओर जहाँ समाज का एक बड़ा वर्ग अपनी मूलभूत आवश्यकताओं जैसे रोटी, कपड़ा और मकान के लिए संघर्ष कर रहा है, वहीं दूसरी ओर उत्सव के नाम पर कुछ ही दिनों में हजारों रुपए आतिशबाजी, प्लास्टिक की सजावट और कृत्रिम उपहारों के धुएं में उड़ा दिए जाते हैं।
जिस दिवाली का मतलब था अंधकार पर प्रकाश की जीत, अज्ञान पर ज्ञान का उजाला। मिट्टी का वह छोटा सा दीपक हमें सिखाता कि कैसे खुद तपकर भी दूसरों के जीवन में रोशनी फैलाई जाए। लेकिन आज के इस दौर में, उस प्रकाश को हमने दरकिनार कर दिया है। पिछले दो तीन दिनों से ही बाहर जाने पर कहीं रंग बिरंगी चमकती लड़ियां, कहीं नकली फूल की मालाएं, नाना प्रकार के सजावट के समान तो कहीं “एक खरीदो 2 मुफ़्त पाओ” के ऑफर पर मिठाई आदि उपहारों के डिब्बे मिल रहे थे। विडंबना यह है कि उपहार देने का चलन एक रोग की तरह फैलता जा रहा है, लोग खरीदारी गुणवत्ता की जगह यह देखकर करते हैं कि ‘एक की खरीद पर कितना मुफ्त है’। साथ ही विडंबना यह कि जो वर्ग सड़क पर दीपक और आदि सजावट के सामान बेचता है अक्सर दीपावली के दिन उसके घर में अंधेरा रह जाता है। कहीं न कहीं अब दिवाली का अर्थ यहां तक सिमटकर रह गया है कि हमने घरों में कितनी सजावट की, पुष्पों की पंखुड़ियों से रंगोली बनाई या नहीं, कितनी देर तक पटाखे जलाए, इत्यादि। यह सोचकर हैरानी होती है कि किस प्रकार हमारे भीतर से संवेदना समाप्त होती जा रही है, हम इतने क्रूर होते जा रहे हैं कि कुछ पलों की आतिशबाजी और अपनी झूठी शान के लिए किस प्रकार त्यौहारों का वास्तविक अर्थ बदल रहे हैं? आज सुबह से ही पर्यावरण को दूषित करते इस प्रदूषण के कारण कई लोग आंखों में जलन, गले में चुभन और फेफड़ों में भरते इस जहर से परेशान हैं जो शायद किसी त्रासदी से कम नहीं। क्या वाकई त्यौहार का अर्थ किसी के जीवन से बड़ा हो गया है? इस तथाकथित जश्न के कारण उन बेबस मूक पशु-पक्षियों की पीड़ा को अनदेखा कर दिया जाता है जो दीपवाली की रात हुए पटाखों के धमाकों से सहम जाते हैं। अत्यधिक तीव्र श्रवण शक्ति के कारण वे इन भीषण आवाजों को सहन नहीं कर पाते और या तो डर से कांपने लगते हैं या फिर दम तोड़ देते हैं। क्या त्यौहार का मतलब ये है?
यहां मैं दीपावली के पर्व की बुराई नहीं कर रही अपितु मेरा उद्देश्य यह है कि हम एक बार फिर से याद करें कि भारतीय संस्कृति की विरासत उसके सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों में निहित है, कोई भी पर्व या कथा मानव जीवन में चेतना, उत्साह और सकारात्मकता लाने के लिए है। इसलिए आधुनिकता की चकाचौंध में भागने से बेहतर है कि त्यौहारों में छिपे असली अर्थ को पहचाने ।
गौरी तिवारी
Leave a comment