Wednesday , 11 November 2026
Home विचार युद्ध और मानवता का प्रश्न
विचार

युद्ध और मानवता का प्रश्न

गौरी तिवारी

 

युद्ध, यह छोटा-सा शब्द बहुत विशाल और भयावह अर्थ लिए हुए है। यह शब्द सुनते ही मस्तिष्क में बम और बारूद के धमाकों की गूँज, प्रियजनों से बिछड़े मासूमों की चीखें, गोलियों से लहूलुहान सैनिकों की पुकार सुनाई देने लगती है तथा कई दिनों से भूखे-प्यासे, हड्डी के ढाँचे में परिवर्तित होते निर्दोष नागरिकों की छवि उभरने लगती है जिनकी आंखों में कभी एक सुंदर भविष्य के स्वप्न पलते थे, किंतु आज उन्हीं आँखों में भय, अनिश्चितता और मृत्यु की प्रतीक्षा ने घर कर लिया है, जिनके सूखे अधरों के लिए पानी की कुछ बूँदें भी अमृत के समान हैं तथा जिनके नन्हें हाथों को कभी अपने माता-पिता की उँगलियाँ थामकर संसार को पहचानना था किंतु आज वे उन्हीं माता-पिता को मलबे के ढेर में खोजने के लिए विवश हैं।

अक्सर यह समझा जाता है कि युद्ध राजनीतिक सत्ताओं, राष्ट्रों की सीमाओं और भूभाग पर अधिकार स्थापित करने की आकांक्षा तक ही सीमित होता है, किंतु असल में तो युद्ध के मैदान में सिर्फ सैनिकों के प्राणों की आहुति नहीं दी जाती, वहाँ असंख्य निर्दोष लोगों के सपने भी दम तोड़ते हैं, सिर्फ किसी घर की दीवारें नहीं गिरतीं, अपितु उसमें रहने वाले लोगों के भीतर व्याप्त स्वप्न, आशा और विश्वास का स्तंभ भी ढह जाता है। वहाँ सिर्फ गली या शहर नहीं उजड़ता, अपितु स्मृतियाँ, आत्मीयता, प्रेम और भविष्य की संभावनाएँ भी मलबे में दब जाती हैं। धमाकों की आवाज़ शांत हो जाने पर युद्ध की विभीषिका का अंत नहीं होता, अपितु वह तो उन आँखों में जीवित रहती है, जो अपने प्रियजनों की प्रतीक्षा करते-करते थक चुकी हैं, उन घरों में, जहाँ लौटने वाला कोई नहीं बचता और उन हृदयों में, जिनके लिए जीवन पहले जैसा कभी नहीं रह पाता।

कई बार सोचती हूँ कि आखिर युद्ध शब्द अस्तित्व में कैसे आया होगा? किसने किया होगा संसार का पहला युद्ध? संभवतः ब्रह्मांड में सबसे पहला युद्ध किया गया होगा किसी शक्तिशाली पक्ष ने किसी दुर्बल पक्ष पर अपना प्रभुत्व स्थापित करने के लिए, जब मनुष्य की आवश्यकताओं पर उसकी अतृप्त आकांक्षाएँ हावी होने लगी होंगी, जब सह-अस्तित्व की भावना पर स्वामित्व का अहंकार भारी पड़ने लगा होगा अथवा किसी सत्ता ने अपनी महत्त्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए दूसरी सत्ता के अधिकारों और स्वतंत्रता का हनन किया होगा। शायद युद्ध किया गया होगा किसी संवेदनहीन व्यक्ति द्वारा मानवता और प्रेम के विचार को समाप्त करने के लिए, यह भी संभव है कि युद्ध का वास्तविक जन्म उस क्षण हुआ हो, जब मनुष्य ने अपने भीतर की करुणा को विस्मृत करके दूसरे मनुष्य को केवल एक प्रतिद्वंद्वी, बाधा अथवा शत्रु के रूप में देखना आरंभ कर दिया होगा। क्योंकि किसी को पराजित करने की आकांक्षा से पहले उसके प्रति संवेदना का क्षीण होना आवश्यक है और किसी के अस्तित्व को मिटाने का विचार उत्पन्न होने से पहले उसके अस्तित्व के प्रति सम्मान का समाप्त होना।

युद्ध का इतिहास चाहे जितना पुराना हो, उसके मूल में छिपे प्रश्न आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। मनुष्य ने सभ्यता के विकास के साथ विज्ञान, तकनीक और ज्ञान के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। उसने समुद्र की गहराइयों से लेकर अंतरिक्ष की दूरियों तक अपनी पहुँच स्थापित की है। उसने ऐसे अस्त्र-शस्त्र निर्मित किए हैं, जिनकी विनाशकारी क्षमता का अनुमान लगाना भी भय उत्पन्न करता है। किंतु इस समस्त विकास के बीच एक प्रश्न आज भी उत्तर ढूंढ़ता है, क्या मनुष्य ने अपनी बौद्धिक क्षमताओं के साथ अपनी संवेदनशीलता का भी उतना ही विकास किया है? क्या उसने संसार को जीतने की आकांक्षा में अपने भीतर के मनुष्य को पराजित तो नहीं कर दिया? सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस भूमि या राष्ट्र के अधिकार के लिए युद्ध और संघर्ष किया जाता है, उसी भूमि पर रहने वाले लोगों का जीवन सबसे असुरक्षित हो जाता है। जिन नागरिकों की रक्षा का तर्क प्रस्तुत करके सैन्य कार्रवाइयों को उचित ठहराया जाता है, कई बार वही नागरिक हिंसा के सबसे बड़े शिकार बन जाते हैं। किसी राष्ट्र की सुरक्षा का प्रश्न निस्संदेह महत्त्वपूर्ण है, किंतु सुरक्षा की अवधारणा का विस्तार इतना संकीर्ण नहीं होना चाहिए कि उसमें मनुष्य के जीवन और गरिमा के लिए स्थान ही शेष न रहे। विज्ञान ने मनुष्य को विनाश की असाधारण शक्ति प्रदान की है, किंतु उस शक्ति के उपयोग को नियंत्रित करने वाला विवेक आज भी उसकी नैतिक चेतना पर निर्भर है। विडंबना यह है कि जिस बुद्धि ने जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने के साधन खोजे, उसी बुद्धि का उपयोग जीवन को नष्ट करने के लिए भी किया जाने लगा। जिस हाथ ने औषधियों का निर्माण किया, उसी हाथ ने विनाशकारी अस्त्रों का निर्माण भी किया। जिस मस्तिष्क ने मानवता की उन्नति के लिए नए मार्ग खोजे, उसी मस्तिष्क ने ऐसे युद्धों की योजनाएँ भी बनाईं, जिनकी कीमत असंख्य निर्दोष मनुष्यों को अपने जीवन से चुकानी पड़ी। प्रश्न यह नहीं कि मनुष्य कितना शक्तिशाली हो गया है, प्रश्न यह है कि अपनी शक्ति के प्रति वह कितना उत्तरदायी हो पाया है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

विचार

बाज़ारवाद की आंधी में खोता दीपावली का मूल मर्म

भारतीय संस्कृति ने जीवन को जिन उदात्त मूल्यों और दृष्टियों से आलोकित...

विचार

स्वयं की शुद्धि से ही मिलेगी सिद्धि 

अनिल तिवारी   स्वभाव और संस्कार से ही धर्मप्राण भारत की उत्सवधर्मिता...

विचार

रैली के मायने सिर्फ राजनीतिक रार ही नहीं…

गौरी तिवारी   आजाद भारत में धरना, प्रदर्शन, रैली आदि का आयोजन...

विचार

राम राज्य की असली कसौटी

अनिल तिवारी   मैं पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन के बगल में...