महात्मा गांधी राम के परम भक्त थे। जब भी उनके समक्ष कोई कठिन परिस्थिति या चुनौती आती थी या असमंजस की स्थिति व भवंर आता था, जिससे उबरने में उनको कोई विकल्प नहीं दिखता था, अपने को अक्षम समझते थे तो तत्काल रामाश्रित हो जाते थे। बिना ओष्ठ हिलाए, अपनी श्वांस को भी महसूस कराएं बिना ही राम का अन्तस से स्मरण और मनसा जाप करने लगते थे। इस क्रम के नैरन्तर्य में आते ही उनकी आंखें विशेष चमक से भर उठतीं थी। निश्चयात्मक विकल्पों के अनंत द्वार खुलने लगते थे। उनके भीतर से ऊर्जा का अजस्र, अनंत स्रोत फूट पडता था और अनवरत शक्ति का प्रवाह होने लगता था तथा उनके समक्ष चारो तरफ उजियारा प्रसरित हो जाता था “राम नाम मनि दीप धरु, जीह देहरी द्वार। तुलसी भीतर बाहिरौ, जौ चाहसि उजियार।।”। फिर क्या, गांधी सही विकल्प का चयन कर बिना हिले, बिना डिगे मदमस्त शेर की भांति दुनियावी लाभ हानि का विवेचन करने वाले लोगों की सलाह को अनसुना करते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु कुल ढाई से तीन मीटर कपड़े में अपनी दुबली-पतली छरहरी भौतिक काया को ढके हुए दृढता के साथ लाखों, कष्टों परेशानियों को पदमर्दित करते हुए अपनी यात्रा को धैर्य के साथ अनथके, भूख-प्यास की परवाह किए बिना रास्ते की चींटियों को भी सुरक्षा प्रदान करने की पवित्र सदभावना के साथ तब तक जारी रखते थे जब तक उद्देश्य को हांसिल नहीं कर लेते। राम पर उनको अटूट विश्वास था। वह उनको अचूक और अमोघ मंत्र मानते थे। वह राम को ज्ञानदाता, शक्तिविधाता, मर्यादा त्याग, न्याय सत्य का प्रतीक मानते थे। लेकिन उनको यह सब कुछ अनायास और एक क्षण में प्राप्त नहीं हुआ था। इसके मूल में उनकी अपनी माँ का भूखे-प्यासे रहकर प्रफुल्लित भाव से घंटो घंटो तक भजन अर्चन पूजन करना, परिवार का वैष्णवी वातावरण, प्रतिदिन मां के द्वारा तुलसीदास कृत रामचरितमानस का परायण करना और परिवारिक परिचारिका रंभा की वह सीख कि ‘जब तुम्हें अंधेरे या किसी भी चीज से भय लगे तो रामजी का नाम लेते रहना सब अपने आप दूर हो जाएंगे, भाग जाएंगे -“जपहिं नामु जन आरत भारी। मिटहिं कुसंकट होहिं सुखारी।।”। बालक मुनिया उर्फ मोहन भी बचपन में आम बालकों जैसे ही थे। उनके अंदर भी वो सारी कमियां भय, अनिश्चय की भावना, दूसरों की बातों में बहक जाना, दृढता की कमी, धैर्य का शीघ्र स्खलित होना, खराब चीजों के प्रति अत्याकर्षण -थी। समय-समय पर इनके शिकार भी हुए। लेकिन जैसे जैसे उम्र बढती गई, नया माहौल मिलता गया, चिन्तन की शक्ति बढ़ती गई वैसे ही वैसे अनुभवों से सीखते हुए आगे बढ़ते गए और संजीदगी के साथ अपने व्यक्तित्व का मुकम्मल विकास करते गए।
दक्षिण अफ्रीका की भेदभाव पूर्ण नीतियाँ, वहां पर उनके साथ दुःस्वप्न की तरह घटित अनेक घटनाएं, उनको जड से निर्मूल करने के लिए वहां के प्रवास के दरम्यान किए गए कामक्रोध, लोभमोह-माया मुक्त विपक्षी के हित को भी ध्यान में रखते हुए केवल-केवल जनहित के लिए किए गए अनवरत संघर्ष की अग्नि ने तपाकर मोहनदास गांधी को आगे चलकर महात्मा गांधी के रूप में ऐसा कोहिनूर तैयार किया जिसने अपने दिव्य भव्य आदित्याभा से न केवल अपने देश को आलोकित किया, उसको अपने समय के सबसे ताकतवर, जिनके राज्य में कभी सूर्य अस्त नहीं होता था, ऐसे साम्राज्यवादी ताकत ब्रिटिश हुकूमत द्वारा छल कल बल से भारत देश पर थोपी गई गुलामी की लौह श्रृंखलाओं को लाखों करोड़ों आम भारतीय जनमानस की अतुलित सहयोग, त्याग बल से पदमर्दित कर उन्होंने कृष्ण की भांति आन्दोलन का महाभारत कर सत्य अहिंसा, सविनय अवज्ञा और सहज सरल स्वदेशी कर्म का प्रतीक चरखा नामक अजेय साधनों का शुचिता के साथ प्रयोग करते हुए स्वतंत्र कराया। इस कला के माध्यम उन्होंने न केवल भारत को मुक्त कराया अपितु संपूर्ण मानवता के लिए सविनय के संग सत्य अहिंसा की ऐसी राह प्रशस्त कर गए जिसका अनुगमन कर कोई भी अपने जीवन में, समूह में, मुल्क में स्वतंत्रता, न्याय, खुशहाल स्वस्थ संपन्न नवजीवन का सूर्योदय उतार सकता है। मानवता और धरती के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए यदि किसी सर्वोत्कृष्ट उपलब्धि की गर बात की जाए तो बीसवीं सदी का संपूर्ण धरा का सर्वोत्तम अनुसंधान और सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि महात्मा गांधी और उनके विचार ही होंगे, जिसकी दुनिया कल भी कायल थी आज भी है और कल भी रहेगी। गांधी के इसी व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उसी सदी के महान वैज्ञानिक आइंस्टीन ने कहा था कि आगे आने वाली पीढियों को यह यकीन नहीं होगा कि हाड-मांस का एक ऐसा आदमी भी कभी इस धरती पर चला था।’
गांधी के राम कौन थे?, कैसे थे?, उनका क्या रूप स्वरूप स्वभाव था?, मर्यादा और शक्ति उनकी क्या थी? लोग तरह-तरह के प्रश्नों में उलझते हुए दिखते हैं। तटस्थ रूप से गांधी को संपूर्णता में देखने से सभी कुछ क्रिस्टल की भांति बहुत सुस्पष्ट दिखाई देता है। जिस तरह से सहज सरल निश्छल, कठिन -साधना आपूरित उनका संपूर्ण जीवन, चिन्तन और दर्शन सुनहरे अक्षरों में टंकित खुली पुस्तक की भांति था उसी तरह से उनके राम भी हैं। गांधी रामचरितमानस के अहर्निश मानसिक जाप और शाब्दिक परायण करने वाले समर्पित अनन्य और सुधी पाठक थे। वह तुलसीदास के रामचरितमानस और उनके मर्यादा पुरुषोत्तम राम से बेइन्तहा प्रभावित थे। व्यक्तिगत रूप से उन दोनों (रामचरितमानस और तुलसीदास के राम) के समक्ष उनको विश्व के सारे व्यक्तित्व, सभी पुस्तकें, सभी जीवन जीने की पद्धतियां, सभी दर्शन चिन्तन बहुत बौने लगते हैं। इसका तात्पर्य यह नहीं कि गांधी इनके अलावा सभी को हेय या त्याज्य समझते थे। गांधी की सबसे बड़ी खासियत थी कि स्वयं के साथ-साथ दूसरे के विचारों, धर्म, दर्शन, गुरुओं, देवी देवताओं और उनके प्रतीकों को भी श्रेष्ठ समझते थे। दूसरे को आदर, सम्मान देना उनके स्वभाव की सर्वोत्तम विशेषता थी। रामचरितमानस, मर्यादा पुरुषोत्तम राम को जितना महत्व देते थे उतना ही कुरान, बाइबिल, अवेस्ता और अल्लाह, ईसा मसीह, गाड, जरथुस्त्र को सम्मान देते थे। किसी में कमियां नहीं ढूंढ़ते थे न उनमें मीन मेष निकालते थे। अपितु सबमें निहित सर्वोत्कृष्ट तत्वों को ढूंढकर अपने चिन्तन, दैनिकचर्या, जीवनप्रणाली में समाहित कर लेना चाहते थे, बहुत हद तक किया भी है जिनकी चर्चा के अंश उनकी पुस्तकों, उनके वक्तव्यों, उनकी चर्चाओं में भी यत्र तत्र मिलते हैं। इन सबके कारण ही उनका व्यक्तित्व इतना विराट हो गया था कि जो भी उनके समक्ष उपस्थित होता था, एक बार भी मिल लेता था, संवाद कर लेता था चाहे वह एक मिनट का हो अथवा एक दिन का, ईमानदारी के साथ हृदय की गहराइयों से उनसे प्रभावित हुए बिना कोई भी शख्स नहीं रहता था। इसी को देशी लोग गांधी जादू और विदेशी जन गांधी मेस्मेरिज्म भी कहते हैं।
गांधी का जीवन दक्षिण अफ्रीका जाने से पहले तक उनका था, उनकी व्यक्तिगतव परिवारिक धरोहर थी। लेकिन वहां पर और वहां से जैसे-जैसे तपते गए उनका व्यक्तिगत आवरण समाप्त होता गया और तुलसी के वैश्विक कल्याण के लिए समय-समय पर अवतरित होने वाले राम की भांति, जब जब होइ धरम कै हानी। बाढहिं असुर अधम अभिमानी।……. तब तब प्रभु धरि बिबिध सरीरा। हरहिं कृपानिधि सज्जन पीरा।।-, उनके जीवन की प्रत्येक श्वांस दर श्वांस समाज की, दूसरे शब्दों में मानवता की अमूल्य थाती बनती गई और उन्हीं परम राम से सदैव ऊर्जा प्राप्त करते हुए, उस अनंत अमोघ ऊर्जा का जनकल्याण हेतु, अन्याय-अत्याचार को समूल समाप्त करने, सामाजिक, राजनीतिक बुराईयों के शमन, हिंसा असत्य को समाज एवं व्यक्तिगत जीवन से दूर भगाने, आमजनमानस को शुचिता पवित्रता, सादगी -सदाचरण, त्याग धैर्य से सराबोर करने में सदुपयोग करते हुए अंत में उसी सर्वस्व के स्रोत ‘हे राम’ में उनका संपूर्ण दृश्य अदृश्य अस्तित्व सदैव के लिए विलीन हो गया। इस संबंध में वे खुद प्रमाण देते हैं, “जब मैं बच्चा था तो मेरी परिचारिका ने मुझे सिखाया था कि जब मुझे भय लगे या कष्ट हो रहा हो तो ‘रामनाम’ का जप करूं। बढते ज्ञान और ढलती उम्र के बावजूद वह आज भी मेरी प्रकृति का अंग बना हुआ है। मैं यहां तक कह सकता हूँ कि अगर वस्तुतः मेरे होठों पर नहीं तो मेरे हृदय में चौबीसों घंटे रामनाम रहता है। यही मेरा परित्राता है, मेरा अवलंब है। विश्व के धार्मिक साहित्य में तुलसीकृत रामायण का प्रमुख स्थान है। मुझे महाभारत और यहां तक कि वाल्मीकि रामायण ने भी इतना आकर्षित नही किया।” गांधी अपनी चर्चाओं, गोष्ठियों, जनसभाओं में आवश्यकतानुसार अक्सर मर्यादा पुरुषोत्तम राम के साथ-साथ मानस के अन्य पात्रों की भी, जो रामकाज की पूर्ति में सहायक सिद्ध हुए हो अथवा जिन्होंने सत्य और न्याय धर्म की पक्षधरता की हों चाहे हनुमान हों या जटायु, नन्हीं सी गिलहरी अथवा विभीषण का भी उदाहरण देते रहते थे। ब्रह्मा के साक्षात् अवतार राजा अज के प्रपौत्र विष्णु के सातवें अवतार दशरथ पुत्र राम के विषय में उनका अभिमत था कि “मेरे लिए दशरथ पुत्र, सीतापति राम सर्वशक्तिमान तत्व हैं जिसका नाम हृदय में धारण करने से सभी मानसिक, नैतिक और भौतिक व्याधियां दूर हो जाती हैं। बचपन में वैष्णव परिवार में जन्म लेने और पालन पोषण होने के कारण उन्हें राम, कृष्ण के मंदिरों में जाना भी पसंद था। मां के साथ या अकेले भी जाते थे। यहां तक की दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद श्री राम मंदिर अयोध्या और काशी विश्वनाथ मंदिर बनारस भी गए थे। लेकिन उनका अनुभव न बचपन में ही अच्छा रहा न ही गृहस्थ धर्म में आने के बाद के दिनों में ही। जो सोचकर गए थे वहां जाने से उनको कुछ भी नहीं मिला, न उनके अंदर नव्य आस्था या भव्य अलौकिक ऊर्जा का ही संचार हुआ। यही कारण है कि बाद के दिनों में सभी प्रकार के पूजा स्थानों से उनकी दूरी बढती ही गई जो अन्त तक बनी रही। किसी भी मंदिर मस्जिद या गिरजाघर / चर्च में जाना वह कत्तई ही पसंद नहीं करते थे। इसकी चर्चा करते हुए बेझिझक उन्होंने लिखा है कि “जो मुझे वहां नहीं मिला, वह मुझे मेरी दाई एक वृद्ध नौकरानी रंभा (उनका यही नाम था) से मिला। उन्होंने इस भय के निवारण के रूप में रामनाम का जप करने का सुझाव दिया।” प्रो (डा.) सुदर्शन आयंगर इस संबंध में लिखते हैं, “यह उनके जीवनभर के लिए एक अचूक उपाय बन गया। हालांकि जिस रामनाम का वे जिक्र कर रहे हैं, वह भाव न तो मंदिर में रखी कोई मूर्ति है न ही कोई अनुष्ठानिक पाठ। बल्कि उनके हृदय के गहराई में समाया हुआ एक भाव था।” गांधी की भक्ति सगुण विचारधारा वाली है या निर्गुण विचारधारा वाली, अर्थात गांधी सगुण विचारधारा के अनुयायी थे अथवा निर्गुण विचारधारा के समर्थक के ? इसको भी लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती हैं। इस संबंध में सुस्पष्ट है कि वे न तो सन्यासी थे न ही वैरागी, न ही किसी विचारधारा के संस्थापक न ही किसी विचारधारा के खण्डक, न ही किसी पंथ के अनुयायी या न ही किसी पंथ के विरोधी। गांधी एक सामाजिक, राजनीतिक व्यक्तित्व थे जो आजीवन जहां भी रहे बिना किसी भेदभाव के उस सर्व समाज के दूसरे शब्दों में मानवता के कल्याण हेतु सत्य, अहिंसा, सविनय अवज्ञा, चरखा के माध्यम से बिना झुके बिना डिगे निर्भय होकर लडाई लडते रहे और लोगों को चैतन्य बनाने, जागृत करने के लिए अहर्निश कार्य करते रहे। इस कार्योद्देश्य की प्राप्ति हेतु निर्बन्ध रूप में सामने के सामूहिक चेहरों के अन्तस को शान्त सौहार्द भाव से प्रभावित करने के लिए तत्काल जो भी उपयुक्त और अधिकाधिक कारगर तरीका दिखाई दिया उसी भाव से लोगों तक अपने तर्कसंगत अनुभवों को संचरित करते रहे। उनका उद्देश्य राजनीति का शुद्धिकरण और औपचारिक धर्म में सुधार करना था। डा. सुदर्शन आयंगर इस संबंध में कहते हैं कि उन्होंने अपने प्रवचनों में राम, रामनाम और रामराज्य को नया अर्थ दिया। स्वयं के निरन्तर आत्मशुद्धकरण का मार्ग उन्होंने हृदयमग्न होकर प्रार्थना के रूप में रामनाम का जाप करके तय किया। गाधी ने एक और नया कार्य किया कि धर्म और राजनीति को नाभिनाल बद्ध किया। अर्थात धर्म को बहुत ही साफगोई के साथ राजनीति से जोड़ दिया। लेकिन वे जिस धर्म को राजनीति में समाहित करना चाहते थे वह धर्म का थोथा, दिखावटी रूप न होकर उसका सार तत्व था जिसको अध्यात्मिकता (क्षुद्रता से आगे बढकर आत्मा को ऊंचा उठाने का भाव, सोच में विराटता व निस्पृहता लाने का भाव) कहते हैं। इसको और सुस्पष्ट करते हुए गांधीवादी चिन्तक राघवन अय्यर अपनी सुप्रसिद्ध पुस्तक महात्मा ‘गांधी का नैतिक और राजनैतिक विचार’ में कहते हैं कि “गांधी ने राजनीति को धार्मिक और धर्म को व्यवहारिक बनाने का प्रयास किया। इस प्रयास में उन्होंने भारतीय परंपरा के एक उपेक्षित पहलू कर्मयोग या सामाजिक कार्यों के माध्यम से अध्यात्मिक प्राप्ति को आधार प्रदान किया। यह कर्मयोग राम और जनक जैसे शास्त्रीय नायकों से जुड़ा हुआ था और जिसे आधुनिक भारत में विवेकानंद और अरविंदो द्वारा पुनः स्थापित किया गया।” गांधी घनघोर, निर्जन विपिन में अथवा गिरि कन्दरा गुफाओं में एकांतवास करने वाले कोई साधु-संन्यासी या वैरागी तपस्वी नहीं थे जिनको कोलाहल भरे प्रतिक्षण परिवर्तनशील दृश्य जगत से कुछ लेना देना नहीं था अपितु ऐसी शख्सियत थे जो लोगों के बीच रहकर अपने क्षण प्रतिक्षण का सदुपयोग संपूर्ण विश्व देश समाज या यह कह लिजिए की संपूर्ण मानवता की कालातीत और तात्कालिक अन्तः बाह्य समस्याओं का निदान ढूंढ़ने में कर रहे थे। ऐसे व्यक्तित्व के लिए कोई एक राह या विचार सरणि में जकड़ कर न चलना संभव होता है न ही पकड़ कर बैठ जाना आगे की राह खोलता है। ऐसे महावीर महायोद्धा के लिए जो अपने समय और भविष्य की सामाजिक राजनैतिक लड़ाई लड़ने में मशगूल हो उसके लिए एक विचारधारा, एक व्यक्ति महत्वपूर्ण न होकर संपूर्ण समाज ज्यादा मायने रखता है। यही कारण है कि गांधी सतही तौर पर जैसा देश वैसा भेष वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए अपने वैचारिक संदेश को प्रभावी ढंग से ज्यादा से ज्यादा लोगों की हृदय की गहराई में उतारने के लिए सर्वाधिक की संतुष्टि को नजर में रखते हुए प्रस्तुत करते हैं। इसके लिए अपने राम को मनुष्यतनधारी अयोध्या के चक्रवर्ती राजा दशरथ के पुत्र राम के रूप में सगुणस्वरूप बताना या अनाम, अरूप, शाश्वत, सर्वव्यापी, अजन्मा निर्गुण परब्रह्म के रूप में प्रस्तुत करना उनके लिए कोई आश्चर्य या अनहोनी नही है। गांधी के लिए सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह था कि जो संदेश न्याय, एकता पवित्रता, त्याग, सौहार्द, आपसी भाईचारा, मनुष्यता, अपनत्व, अध्यात्मिकता आदि भावों के जनजन के मन में बीजवपन, प्रफुल्लन हेतु अपनी चर्चा के माध्यम से देना चाहते हैं वह कितना प्रभावशाली, प्रभावगामी रहा। समय और परिस्थिति के अनुसार गांधी अपनी अभिव्यक्ति की शब्दावली को परिवर्तित करने में रंचमात्र भी हिचकते नहीं। ना काहूं से दोस्ती ना काहूं से बैर की धुन में बिंदास बेलौस, औघड – मलंग, मस्त फकीरी अन्दाज में अपने वैचारिक सारतत्व की सुगंधित गुलाल को उड़ाते हुए आगे बढते चलते हैं। इसलिए गांधी के यहां राम के कभी सगुण रूप में मिलते हैं तो कभी निर्गुण रूप में दिखते हैं। 4 अप्रैल 1946 को दिल्ली के बिडला हाउस में आयोजित अपनी प्रार्थना सभा में कहते हैं कि “राम या रामनाम का जाप केवल हिंदुओं के लिए है, मुसलमान इसमें कैसे भाग ले सकते हैं, तो मुझे मन ही मन हंसी आती है। क्या मुसलमानों के लिए एक ईश्वर है और हिंदुओं, पारसियों या इसाईयों के लिए दूसरा? नहीं, केवल एक सर्वशक्तिमान और सर्वव्यापी ईश्वर है उनके अनेक नाम हैं और हम उन्हें उस नाम से याद करते हैं जो हमें सबसे अधिक परिचित है। मेरे राम, हमारी प्राथनाओं के राम, अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र ऐतिहासिक राम नहीं हैं। वे शाश्वत हैं, अजन्मे हैं, अद्वितीय हैं। मैं केवल उन्हीं की पूजा करता हूँ, केवल उन्हीं से सहायता मांगता हूँ, और आपको भी ऐसा ही करना चाहिए। वे सभी के समान हैं। इसलिए मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि किसी मुसलमान या किसी अन्य व्यक्ति को को उनका नाम लेने में आपत्ति क्यों होनी चाहिए। लेकिन वे किसी भी तरह से ईश्वर को रामनाम के रूप में पहचानने के लिए बाध्य नही हैं। वे ध्वनि की लय को भंग न करने के लिए मन ही मन अल्लाह या खुदा का उच्चारण कर सकते हैं।”

Leave a comment