अनिल तिवारी
भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी समिति को संबोधित करते हुए पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पांव की तरह जमी हुई है और हमारी नजर अर्जुन के मछली की आंख की तरह आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने पर है। इस पर पलटवार करते हुए सपा प्रमुख ने चुटकी ली कि जमीन बची रहेगी तभी तो कोई पांव रखेगा। उन्होंने कहा की प्रदेश की जनता भाजपा के बड़बोलेपन से आजिज आ चुकी है। यूं तो 2024 में ही बड़बोलेपन की रस्सी लगभग जल चुकी थी अब केवल ऐंठन रह गया है जो 2027 के चुनाव में राख बनकर उड़ जाएगा।
आमतौर पर सरकारी माने जाने वाले विधान परिषद के चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश की 11 सीटों में से पांच पर विजय हासिल कर सांगठनिक सक्रियता को साबित करते हुए मजबूत दावेदारी भी पेश किया है।
सत्ता-संघर्ष में मजबूत महारथी बनाने के लिए सपा की चुनावी रणनीति सफल हो रही है। हालिया जीत आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में एक तरफ भाजपा के लिए कड़ी चुनौती प्रस्तुत कर सकती है वहीं कांग्रेस को सीटों की सौदेबाजी करने से रोकने के काम आ सकती है। इस चुनाव में सपा का प्रदर्शन केवल पार्टी के ग्राम स्तर से लेकर प्रदेश स्तर के कार्यकर्ताओं का सिर्फ मनोबल ही नहीं बढ़ा रही है बल्कि यह संदेश भी दे रहा है कि अखिलेश यादव संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। उनकी सटीक रणनीति चुनावी जंग में विजय हासिल कर सकती है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी सपा ने एमएलसी चुनाव में अपनी मुख्य प्रतिद्वन्द्वी भाजपा को उसी की चुनावी कार्यशैली से सीधी टक्कर दी और लगभग बराबरी का मुकाबला किया है। अब बरेली से भाजपा के दिग्गज नेता रहे धर्मेन्द्र कश्यप को सपा से जोड़ा है और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर से विधानसभा चुनाव का प्रत्याशी भी अभी से घोषित कर दिया है। अखिलेश यादव अब जिताऊ उम्मीदवार उतारने की रणनीति से भाजपा को पछाड़ना चाहते हैं।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी में उत्साह बढ़ा है। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में सपा के कार्यकर्ता व नेताओं ने जमकर पोस्टर लगाए हैं लेकिन इन सबमें खास एक पोस्टर है, जिस पर लिखा है, ‘अयोध्या जीते अवधेश पासी, आशुतोष, लाल बिहारी जीते काशी।’ इसके अलावा पोस्टरों में एक नारा लिखा जा रहा है, “पीडीए का संदेश- 2027 में आ रहे अखिलेश”।
समाजवादी पार्टी सुप्रीमो ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में विजयी सपा उम्मीदवारों को बधाई दी है। इसके साथ ही दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली से लौटकर पार्टी प्रमुख ने विजयी नेताओं को जीत पर हो-हल्ला करने या जुलूस नहीं निकालने की हिदायत भी दी। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में लिखा कि हो-हल्ला ना करें और जुलूस नहीं निकालें, जिससे भाजपा के लोगों को उसमें घुसकर माहौल को बिगाड़ने का मौका न मिले। विरोधी हुड़दंग करने का आरोप न लगा पाएं। हमें हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचना है, क्योंकि सामने विधानसभा चुनाव है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि भाजपा गुंडागर्दी की साजिश करके कभी भी हमारी छवि बिगाड़ सकती है। हम आप सबका अभिनंदन स्वयं करेंगे, हो सका तो आपके क्षेत्र में आकर करेंगे। इस बीच आप सभी जीते हुए एमएलसी, उन लोगों की लिस्ट बना लीजिए, जिन्होंने इस जीत में आपका समर्थन सहयोग करके आपको जिताया है। हम ऐसे सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का भी सम्मान करेंगे। अखिलेश यादव की यह अपील ऐसे वक्त में आई है, जब वह आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की छवि को लेकर सावधान रहने की जरूरत पर जोर दे रहे हैं। वह अपने कार्यकर्ताओं को समझा रहे हैं कि ऐसा कोई काम नहीं करना है, जिससे उनके विरोधियों को आरोप लगाने का मौका मिले।
इस बीच, अखिलेश यादव ने पीडीए में ए को ए फॉर अग्रवाल और ए फॉर अग्रहरि भी बता दिया है। साथ ही, कार्यकर्ताओं को समझा रहे हैं कि जोश में होश ना खोए। अपनी खुशी को शांति से सेलिब्रेट करें ताकि बीजेपी उनकी जीत को गुंडागर्दी ना बताने लगे। इन नतीजों के जरिए बीजेपी जहां अपनी सियासी ताकत दिखाना चाहती है तो दूसरी तरफ अखिलेश पीडीए के दम पर 2027 में सत्ता में वापसी का दावा कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों में से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने 5 सीटें जीती हैं। वाराणसी खंड स्नातक सीट पर मतगणना करीब 50 घंटे से अधिक चला। इसके बाद सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने जीत हासिल कर ली है। वहीं वाराणसी खंड शिक्षक सीट से सपा के लाल बिहारी यादव विजयी रहे। आगरा खंड शिक्षक सीट से सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल, आगरा खंड स्नातक सीट से भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट से सपा के डॉ. मानसिंह यादव ने जीत दर्ज की। मेरठ खंड शिक्षक सीट से भाजपा के श्रीचंदर शर्मा, बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट से भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट से भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी विजयी घोषित किए गए। लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह ने जीत हासिल की।
इसी के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली मंडल में एक बड़ा राजनीतिक खेल देखने को मिला है। यहां की आंवला लोकसभा सीट से सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप बेटी कीर्ति कश्यप के साथ बीजेपी से अलग होकर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। दिलचस्प बात यह है कि सपा की सदस्यता के साथ ही कीर्ति कश्यप को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बिथरी चैनपुर सीट से प्रत्याशी भी घोषित कर दिया गया है। अखिलेश यादव ने सबसे पहले अयोध्या सीट पवन पांडे और अब बिथरी से कीर्ति कश्यप को उम्मीदवार घोषित कर अपने पीडीए फॉर्मूले को धार देने की कोशिश की है।
इस फैसले के साथ ही साफ हो गया है कि मामला सिर्फ पार्टी बदलने का नहीं, बल्कि सम्मान और 2027 के विधानसभा चुनाव की पूरी तैयारी का है। इस प्रकार आंवला सीट से पूर्व सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप अब समाजवादी पार्टी के साथ आ गए हैं। लखनऊ पहुंचकर बरेली से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सपा की सदस्यता ली, जिससे पार्टी को इलाके में नया चेहरा और मजबूत सियासी समीकरण मिला है। पार्टी बदलने की वजह पूछने पर कीर्ति कश्यप ने साफ शब्दों में कहा, कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना जहां सम्मान नहीं, वहां रहना नहीं। कीर्ति कश्यप पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी के तौर पर ही जानी जाती हैं। लॉ की डिग्री हासिल करने के बाद कीर्ति क्षेत्र में कई सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेती रही हैं, लेकिन वहां भी वह पिता के प्रतिनिधि के तौर पर ही पहचान बना पाईं। पिता धर्मेंद्र कश्यप भी कीर्ति को कई कार्यक्रमों में अपने साथ ले जाते रहे हैं। अखिलेश यादव का मानना है कि धर्मेंद्र कश्यप और अन्य नेताओं के आने से बरेली ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और पूरे उत्तर प्रदेश में पार्टी की ताकत बढ़ेगी।
कुल मिलाकर समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव में अपनी मजबूती दर्ज करने के लिए हर तरह के नुस्खों का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा की तर्ज पर जीताऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता देकर पार्टी में शामिल करना इसी रणनीति का हिस्सा है।
पार्टी वर्तमान भाजपा सरकार को प्रदेश में हर मोर्चे पर घेरने के लिए जन सामान्य को साधने के साथ साथ सोशल मीडिया पर भी मजबूत उपस्थिति की नीति पर काम कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने रामायण महाभारत का दृष्टांत देकर “अंगद का पांव” और “मछली की आंख”वाला पंच लाइन डाला तो सपा प्रमुख ने चुटकी लेने में कोई देरी नहीं की और यहां तक कह डाला कि जमीन बचेगी तब न पांव रखेंगे।
Leave a comment