गौरी तिवारी
जब-जब देखा मैंने,
ईश्वर को स्वप्न में,
मिले सदा ही
वे मुझसे,
नवीन, विविध रूपों में।
नहीं था उनके मुख पर विद्युत सा प्रकाश,
न सिर पर स्वर्ण मुकुट, न गले में पुष्पों का हार,
न रत्नाभूषणों का कोई श्रृंगार,
न तन पर चमकीले रेशमी वस्त्र,
और नहीं थे, उनकी थाली में मेवे या पकवान,
मिला था उन्हें चटनी रोटी का प्रसाद,
कभी देखा उनके माथे पर, श्रम की सैकड़ों रेखाएं और चेहरे पर झुर्रियां,
कभी मटमैले फटे-पुराने वस्त्र पहने मिट्टी में काम करते हुए,
तपती धूप या भारी वर्षा में मौसम का आघात झेलते हुए
सूखी धरती की दरारों में जीवन का अंकुर भरते हुए,
खुद अभावों में जीकर दूसरों का पेट भरते,
देखा मैंने, उन्हें अन्नदाता के रूप में,
कभी देखा उनके हाथों में छाले और पैरों की फटी एड़ियां,
कभी कंधों पर ईंटों का भार लिये,
निष्प्राण ईंट और सीमेंट से लोगों की आशाओं का घर बनाते हुए,
कामों की भारी गंठरी उठाकर परिवार का पालन-पोषण करते हुए,
बच्चों की क्षुधापूर्ति के निमित्त अपने जीवन से लड़ते हुए,
देखा मैंने उन्हें सदैव, श्रम की प्रतिमूर्ति के रूप में,
कभी देखा उनके पैरों में घिसी हुई चप्पल और तन पर फटी कमीज़,
कभी संतान के उज्जवल भविष्य के लिए अपने सपनों को दरकिनार करते हुए,
अभावों में भी जीकर, मन में संतोष लिए,
अपनी थकान छिपाकर प्रतिदिन,घर लौटते मुस्कान लिए,
देखा है मैंने उन्हें मौन समर्पण सिद्ध पुतले के रूप में,
कभी देखा उनकी साड़ी में कई जगह पेवन लगे,
कभी, बिन कुछ कहे मन की भाषा पढ़ते हुए,
अपने आँचल में भयमुक्त, सुकूनभरी शीतलता लिए,
संतानों को कष्ट सहता देख स्वयं उनकी पीड़ा हरते हुए,
देखा है मैंने उन्हें, मां की निश्छल ममता के रूप में
कभी देखा किसी जरूरतमंद की आर्थिक सहायता करते हुए,
कभी-कभी कई दिनों के भूखे व्यक्ति को भोजन देते हुए,
कभी भोर की पहली किरण की मानिंद निराश आंखो में आशा की लौ जगाते हुए,
कल-कल बहती नदियों में, झर-झर कर बहते झरने में,
रंग बिरंगे पुष्पों के सुगंध में, और प्रकृति के सौंदर्य में,
देखा है मैंने उन्हें, निःस्वार्थ अप्रतिम प्रेम के रूप में।
Leave a comment